
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
चण्डीगढ़
चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के साथ शहर की विभिन्न रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) के प्रतिनिधियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नीड बेस्ड चेंजेज, मकानों में किए गए बदलावों के नियमितीकरण, निवासियों की लंबित समस्याओं तथा वन टाइम सेटलमेंट पॉलिसी को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान सभी आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने निवासियों की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं को मुख्य कार्यकारी अधिकारी के समक्ष प्रमुखता से रखा। प्रतिनिधियों ने मांग की कि नीड बेस्ड चेंजेज से जुड़े मामलों को सरल एवं पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से एक बार में निपटाने के लिए वन टाइम सेटलमेंट पॉलिसी लागू की जाए, ताकि हजारों हाउसिंग बोर्ड निवासियों को राहत मिल सके और वर्षों से लंबित समस्याओं का स्थायी समाधान हो सके।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने सभी समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता और धैर्यपूर्वक सुना तथा प्रत्येक विषय पर विस्तार से विचार-विमर्श किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि निवासियों की वास्तविक जरूरतों और जनहित को ध्यान में रखते हुए उचित समाधान निकालने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।
बैठक में सेक्टर 41-ए आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष पृथी सिंह प्रजापति, उपाध्यक्ष अमन कुमार, महासचिव ओ.पी. भगत एवं वित्त सचिव रमेश गुप्ता, सेक्टर 41-डी आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष धर्मपाल, सेक्टर 40-ए आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष प्रदीप कुमार, सेक्टर 40-सी से राजेश डोगरा एवं अध्यक्ष करनैल सिंह राणा, सेक्टर 40-सी से गुरनाम सिंह सहित सेक्टर 47, सेक्टर 63 एवं अन्य क्षेत्रों की आरडब्ल्यूए के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इस महत्वपूर्ण बैठक में लगभग 45 प्रतिनिधियों ने भाग लिया और निवासियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों, समस्याओं एवं सुझावों को प्रमुखता से उठाया।
आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड प्रशासन द्वारा निवासियों की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का सकारात्मक समाधान किया जाएगा तथा नीड बेस्ड चेंजेज एवं वन टाइम सेटलमेंट को लेकर एक सरल, व्यवहारिक और जनहितैषी नीति बनाई जाएगी, जिससे शहर के हाउसिंग बोर्ड निवासियों को बड़ी राहत मिल सके।
