
image साभार
धर्मपाल वर्मा
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
पंचकूला।
2029 के चुनाव आने तक परिसीमन के कारण देश और प्रदेश का राजनीतिक स्वरूप बदल सकता है। हरियाणा में जहां 90 की जगह 120 तक विधानसभा क्षेत्र बन सकते हैं वहीं लोकसभा क्षेत्रों की संख्या भी 15 तक हो सकती है । भविष्य में जींद पलवल और यमुनानगर भी लोकसभा के हल्के बनाए जा सकते हैं।इस मामले में आज हरियाणा के उस हल्के की चर्चा करते हैं जिससे हलकों की गिनती शुरू होती है ।वह है नंबर एक विधानसभा क्षेत्र, कालका।
आने वाले समय में कालका में दो बड़े परिवर्तन देखने को मिल सकते हैं ।
पंचकूला हरियाणा का बहुत छोटा जिला है जिसमें केवल दो विधानसभा क्षेत्र हैं। 2009 से पहले तो पूरा पंचकूला जिला ही विधानसभा क्षेत्र होता था नाम था कालका। अब हल्के तो दो हैं परंतु इन में रिजर्व कोई नहीं है।
प्रस्तावित परिसीमन की परिस्थितियों पर गौर करें तो कालका में एक चेंज तो यह हो सकता है कि इसके मौजूदा नक्शे में से मोरनी खंड अलग हो सकता है ।दूसरा यह कि कालका रिजर्व हल्का बन सकता है ।
माना जा रहा है कि पंचकूला जिले का जो एक हल्का रिजर्व होगा वह संशोधित कालका हल्का ही होगा।
यदि दलित आबादी की बात करें तो कालका भी रिजर्व हल्का बन सकता है ।इसमें से मोरनी खंड अलग होने के बाद तो यह संभावना और ज्यादा बलवती हो जाएगी।

यहां यह चर्चा भी बहुत आवश्यक है कि पंचकूला जिले में जो तीसरा नया हल्का बनेगा वह रायपुर रानी हो सकता है। रायपुर रानी जो कभी नारायणगढ़ विधानसभा क्षेत्र में आता था अब कालका का हिस्सा है भविष्य में नया और स्वतंत्र हल्का बन सकता है। रायपुर रानी को भविष्य में उप मंडल भी बन जा सकता है।
आपको बता दें कि अभी से चुनाव लड़ने के इच्छुक सभी राजनीतिक दलों के बहुत लोग इस विचार को दिमाग में रखकर चल रहे हैं और रायपुर रानी रीजन पर फोकस करते नजर आ रहे हैं। आपको बता दें कि भाजपा के मामले में दो संभावनाएं और सामने नजर आ रही है ।एक यह कि भाजपा की कालका की विधायक शक्ति रानी शर्मा शायद ही अगला विधानसभा चुनाव लड़े। संभावना यह है कि उनके पुत्र और सांसद कार्तिकेय शर्मा उनकी जगह विधानसभा का चुनाव लड़ सकते हैं और दूसरी संभावना यह है कि कालका रिजर्व होते ही उनका पॉलिटिकल डेस्टिनेशन नया हल्का रायपुर रानी हो सकता है ।

आपको बता दें कि विधानसभा के चुनाव में अपनी पत्नी शक्ति रानी शर्मा के चुनाव में विनोद शर्मा ज्यादा काम रायपुर रानी क्षेत्र में करते देखे गए थे यह उनकी दूरदर्शिता भी हो सकती है। नए क्षेत्र में ब्राह्मण बाहुल्य मोरनी क्षेत्र के शामिल किए जाने के बाद यह विधानसभा क्षेत्र ब्राह्मण उम्मीदवारों के लिए मुफीद भी हो जाएगा। इसका लाभ विनोद शर्मा के परिवार को निश्चित तौर पर मिलेगा। फिर उनके परिवार को हरियाणा में साथ लगते लगातार तीन हलकों का प्रतिनिधित्व करने का अनोखा गौरव प्राप्त हो सकेगा। आपको बता दें कि अनुसूचित जाति से संबंधित सभी दलों के उम्मीदवारों के लिए भविष्य में कालका का महत्व बढ़ने वाला है।
