
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
चंडीगढ़, 29 जुलाई। गुरु पूर्णिमा एवं पावन गुरु पर्व के शुभ अवसर पर मनीमाजरा मोटर मार्केट में श्रद्धा, सेवा और मानवता का अनुपम संगम देखने को मिला। इस अवसर पर पंजाब नेशनल बैंक, मनीमाजरा शाखा द्वारा की बी मोटर्स (Key Bee Motor) वरिंदर सिंह के सहयोग से एक विशाल लंगर का आयोजन किया गया।

लंगर में बड़ी संख्या में मोटर मार्केट के व्यापारियों, कर्मचारियों, ग्राहकों एवं स्थानीय नागरिकों ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन के दौरान सेवा, समर्पण, भाईचारे और सामाजिक एकता का प्रेरणादायक वातावरण बना रहा। उपस्थित लोगों ने गुरुजनों के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए मानव सेवा को सर्वोच्च धर्म बताया।

इस अवसर पर पंजाब नेशनल बैंक के डीजीएम संजीव कुमार झा, चीफ मैनेजर (मनीमाजरा शाखा) अवधेश वर्मा, मनीमाजरा कमर्शियल कमपलैकस ऐसोशिएसन मोटर मार्केट के चैयरमेन मनजीत सिंह, एवं प्रधान शिव कुमार (शंकर) , ऑल मनीमाजरा रेजिडेंट्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन, सेक्टर-13, चंडीगढ़ के अध्यक्ष राजबीर सिंह भारतीय, चैयरमेन सुभाष धीमान सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम समाज में प्रेम, सद्भाव, सेवा और आपसी सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं।
आयोजकों ने लंगर सेवा में सहयोग देने वाले सभी स्वयंसेवकों, व्यापारियों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी समाजहित में ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का संकल्प दोहराया।
