
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
हिसार। अग्रवाल सेवा समिति, अर्बन एस्टेट-II की वार्षिक बैठक सनसिटी, हिसार में समिति के प्रधान श्री जयकुमार बंसल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में पिछले वर्षों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया तथा नई कार्यकारिणी के गठन पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक के दौरान सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। प्रधान पद के लिए श्री जयकुमार बंसल द्वारा श्री संजय डालमिया का नाम प्रस्तावित किया गया, जिसे उपस्थित सभी सदस्यों ने एकमत से स्वीकृति प्रदान की।
नई कार्यकारिणी में डी.एन. सिंगला को उप-प्रधान, नीरज कुमार बंसल को महासचिव, संजय गर्ग को संयुक्त सचिव, दिनेश गुप्ता को कोषाध्यक्ष तथा वीरेंद्र गुप्ता को जनसंपर्क अधिकारी (PRO) नियुक्त किया गया। इसके अलावा 21 सदस्यीय गवर्निंग बॉडी का भी गठन किया गया, जो समिति के विभिन्न कार्यों का संचालन करेगी।
बैठक में कार्यकारी समिति के लिए कुछ आवश्यक नियम भी निर्धारित किए गए। इसके तहत प्रत्येक सदस्य को सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन अनिवार्य होगा। बिना सूचना लगातार दो बैठकों में अनुपस्थित रहने पर सदस्यता समाप्त की जा सकेगी। साथ ही प्रत्येक सदस्य को प्रतिवर्ष ₹2100 सहयोग राशि देना अनिवार्य होगा।
गौरतलब है कि अग्रवाल सेवा समिति पिछले 25 वर्षों से हिसार में सामाजिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रही है। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने पूर्व प्रधान जयकुमार बंसल के सफल कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके नेतृत्व के लिए आभार व्यक्त किया और भविष्य में मार्गदर्शन देने का अनुरोध किया।समिति के 25 वर्षों के इतिहास में इस वर्ष भी चुनाव सर्वसम्मति से एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए, जो संगठन की एकता और आपसी भाईचारे का प्रतीक है। अंत में सभी सदस्यों ने समाज सेवा के कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
।
