
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
कुरुक्षेत्र, 30 मार्च (नीतू चौहान)
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित डॉ. पदम सिंह शर्मा कमलेश मेमोरियल पोएटिकल सिम्पोजियम (2025-26) के अंतर्गत सेठ नवरंग राय लोहिया जैराम गर्ल्स कॉलेज, लोहार माजरा (कुरुक्षेत्र) में आयोजित जोन स्तरीय प्रतियोगिता में मार्कण्डेय नेशनल कॉलेज की बीकॉम तृतीय वर्ष की छात्रा रमनीक कौर ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। उन्हें “नारी मन” विषय पर स्वरचित कविता के लिए 2100 रुपये की नकद राशि एवं सम्मान प्रदान किया गया।
रमनीक कौर ने अपनी सफलता का श्रेय डॉ. शालिनी शर्मा को देते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन से ही वे इस उपलब्धि को प्राप्त कर सकीं। उन्होंने कहा कि यदि शिक्षक समर्पण के साथ विद्यार्थियों को तैयार करें तो सफलता निश्चित है।
इस अवसर पर बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा कीर्ति ने भी अपनी प्रस्तुति दी। प्रतियोगिता में रमनीक कौर की कविता को सभी ने मुक्त कंठ से सराहा।
रमनीक कौर को यह पुरस्कार सेठ नवरंग राय लोहिया जैराम गर्ल्स कॉलेज की प्राचार्या डॉ. सुदेश रावल, आयोजन सचिव डॉ. सरोजिनी तथा कन्वीनर डॉ. सुनीता शर्मा द्वारा प्रदान किया गया।
मार्कण्डेय नेशनल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अशोक चौधरी ने रमनीक कौर एवं डॉ. शालिनी शर्मा को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि नियमित अभ्यास और उचित मार्गदर्शन से सफलता निश्चित होती है। प्रतियोगिता में लगभग 30 विद्यार्थियों ने भाग लेकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
