
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
चण्डीगढ़ ।
हरियाणा की राजनीति में रविवार को एक अहम हलचल देखने को मिलेगी, जब पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा झज्जर पहुंचकर बादली विधायक कुलदीप वत्स से मुलाकात करेंगे। यह बैठक दोपहर 12:30 बजे वत्स के हसनपुर स्थित निवास पर होगी।
पहले यह दौरा शनिवार को प्रस्तावित था, लेकिन किन्हीं कारणों के चलते स्थगित कर दिया गया था। अब रविवार की यह मुलाकात कांग्रेस के भीतर चल रही नाराजगी और सियासी खींचतान के बीच बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
दरअसल, कुलदीप वत्स पिछले कुछ समय से पार्टी के कई बड़े नेताओं पर खुलकर निशाना साध चुके हैं। उन्होंने कांग्रेस के अंदरूनी हालात को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं और यहां तक आरोप लगाया है कि पार्टी “बेची” जा रही है। उनके इन बयानों ने प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज कर दी थी।
इससे पहले वत्स ने एक इंटरव्यू में बड़ा फैसला लेने के संकेत भी दिए थे, जिसके बाद से ही अटकलों का दौर जारी है। ऐसे में अब भूपेंद्र सिंह हुड्डा का खुद उनके घर पहुंचना यह दर्शाता है कि पार्टी स्तर पर हालात संभालने की कोशिशें तेज हो गई हैं।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस मुलाकात के बाद वत्स के रुख में बदलाव आ सकता है, जिससे कांग्रेस के अंदरूनी समीकरण भी बदल सकते हैं।
हसनपुर में होने वाली यह बैठक अब केवल झज्जर या बादली तक सीमित नहीं रही, बल्कि पूरे हरियाणा के सियासी गलियारों में चर्चा का केंद्र बन चुकी है। अब सभी की नजरें रविवार दोपहर होने वाली इस बैठक और उसके बाद सामने आने वाले फैसले पर टिकी हैं।
