
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
कैथल (कृष्ण प्रजापति): मतदाता जागरूकता दिवस के अवसर पर जाट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, कैथल में एनएसएस यूनिटों के तत्वावधान में एक दिवसीय विशेष कैंप का आयोजन किया गया। इस कैंप का उद्देश्य विद्यार्थियों और युवाओं को मतदान के महत्व से अवगत कराना तथा उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत मतदाता जागरूकता रैली से हुई, जिसे विद्यालय के प्रधानाचार्य नरेश कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वयंसेवकों को लोकतंत्र में मतदान की भूमिका पर विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि मजबूत लोकतंत्र की नींव जागरूक मतदाता से ही रखी जाती है। कैंप के दौरान पेंटिंग एवं निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पेंटिंग प्रतियोगिता में हिमांशु व उदयवीर ने प्रथम स्थान, सेजल व शाहनवी ने द्वितीय स्थान तथा तमन्ना व प्रीति ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं निबंध प्रतियोगिता में मोहित प्रथम, यश द्वितीय और आयुष तृतीय स्थान पर रहे। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों में रचनात्मकता, विचार अभिव्यक्ति और सामाजिक चेतना को बढ़ावा मिला। कैंप का सफल संचालन एनएसएस अधिकारी सुनील कुमार व पूनम द्वारा किया गया, जिन्होंने स्वयंसेवकों को मतदान के प्रति जनजागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर जाट हाई स्कूल सोसाइटी के प्रधान राजकुमार बैनीवाल, उप-प्रधान बलजिंदर बनवाला, महासचिव एडवोकेट रश्मि सिंह ढुल तथा कोषाध्यक्ष बलकार नैन ने सभी स्वयंसेवकों को मतदाता जागरूकता दिवस की बधाई दी।

राजकुमार बेनीवाल ने कहा कि लोकतंत्र के पर्व में मतदान का विशेष महत्व है और प्रत्येक मतदाता को अपने मताधिकार का अवश्य प्रयोग कर लोकतंत्र को मजबूत बनाना चाहिए। कार्यक्रम में कार्यकारिणी सदस्य डॉ. सत्यवान माजरा, दलबीर कैरो, महावीर राविश, राजपाल गुहना, सन्नी चौशाला, महावीर कुंडू, विक्रम ठेकेदार सौंगल, कुलदीप सिंह, रजत रापड़िया, स्वतंत्र पाल सिंह व जसवीर मानस सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
