
फरीदाबाद। बल्लभगढ़ शहर थाना पुलिस ने सोशल मीडिया के जरिए महिला के खिलाफ अभद्र टिप्पणी, चरित्र हनन और रंगदारी मांगने के गंभीर आरोप में एक YouTuber को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ बल्लभगढ़ शहर थाना में BNS की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
विधानसभा चुनाव से जुड़ा है मामला
पुलिस को दी गई शिकायत में महिला ने बताया कि वह बीते विधानसभा चुनाव में एक राजनीतिक दल से प्रत्याशी रही थीं। आरोप है कि चुनाव के दौरान आरोपी ने उनसे एक लाख रुपये की मांग की। पैसे न देने पर आरोपी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बदनाम करने की धमकी दी।
दबाव में दी रकम, फिर भी जारी रहा उत्पीड़न
महिला का कहना है कि लगातार दबाव के चलते उन्होंने आरोपी को 25 हजार रुपये दे दिए, लेकिन इसके बाद भी आरोपी बाकी रकम के लिए परेशान करता रहा। आरोप है कि आरोपी ने Facebook पर उनके खिलाफ बेहूदा टिप्पणियां पोस्ट कीं, जिससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को गंभीर नुकसान पहुंचा।
जांच के बाद गिरफ्तारी, मोबाइल बरामद
मामले की गंभीरता को देखते हुए बल्लभगढ़ शहर थाना पुलिस ने क्राइम ब्रांच से जांच कराई और कानूनी राय के बाद FIR दर्ज की। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया।
