
गौरव राजपुरोहित
दिल्ली और एनसीआर के इलाकों में एक बार फिर लॉरेंस विश्नोई गैंग की दहशत लौट आई इस बार निशाना कोई राजनेता या अभिनेता नहीं बल्कि वे लोग हैं जो खुद को नशे का सौदागर समझते हैं. सोशल मीडिया पर लारेंस विश्नोई गैंग के गैंगस्टर राशिद केबलवाला ने एक पोस्ट साझा की है. इस पोस्ट में सीधे तौर पर उन लोगों को चेतावनी दी गई है जो नशे के काले कारोबार से अपनी जेबें भर रहे हैं. धमकी भरी इस पोस्ट के बाद दिल्ली-एनसीआर की गलियों में सन्नाटा पसरा है और कानून-व्यवस्था के सामने एक नई चुनौती खड़ी हो गई है. सोशल मीडिया पर वायरल इस पोस्ट में गंभीर और आपराधिक भाषा का इस्तेमाल किया गया है. पोस्ट में दावा किया गया है कि नशे का कारोबार आने वाली पीढ़ी को दीमक की तरह चाट रहा है. गैंगस्टर राशिद खुद ने लिखा है कि उसके पास उन सभी ड्रग लॉर्ड्स की सूची तैयार है जो चोरी-छिपे यह धंधा चला रहे हैं. चेतावनी दी गई है कि यदि यह कारोबार तुरंत बंद नहीं हुआ तो एक-एक कर सबका हिसाब किया जाएगा. पोस्ट में चर्चित आपराधिक गिरोहों के हैशटैग का इस्तेमाल इस धमकी को और भी अधिक गंभीर बना देता है. इस पोस्ट के सामने आने के बाद दिल्ली पुलिस की साइबर सेल और अन्य सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं. शुरुआती जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि गैंगस्टर राशिद केबलवाला नाम का यह शख्स वाकई लारेंस विश्नोई गैंग से जुड़ा है या महज सोशल मीडिया पर खौफ पैदा करने के लिए इस नाम का इस्तेमाल कर रहा है. कानूनी जानकारों का कहना है कि इस तरह की पोस्ट न केवल साइबर अपराध है, बल्कि यह सामाजिक शांति को भंग करने की एक सोची-समझी साजिश भी हो सकती है.
