
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
चंडीगढ़, 10 जनवरी : प्रवासी भारतीय दिवस (पीबीडी) देश के साथ-साथ दुनिया भर में उत्साह और गौरव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विदेशों में रहने वाले भारतीयों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रवासी भारतीय भारत और विश्व के बीच एक मजबूत सेतु की भूमिका निभा रहे हैं और देश की वैश्विक पहचान को सशक्त बना रहे हैं।
इस मौके पर विभिन्न देशों में स्थित भारतीय मिशनों द्वारा अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिनेवा स्थित संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन ने एक भव्य आयोजन किया, जिसमें बड़ी संख्या में भारतीय मूल के लोगों ने भाग लिया। वहीं शंघाई स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने इस दिन को उद्यमिता और नवाचार को बढ़ावा देने के रूप में मनाया। यहां भारतीय समुदाय और उभरते एआई स्टार्टअप्स से जुड़े प्रवासी युवाओं के साथ संवाद किया गया।
भूटान स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया पर संदेश जारी कर कहा कि प्रवासी भारतीय दिवस पुराने संबंधों को मजबूत करने और भारतीय डायस्पोरा के योगदान को सम्मानित करने का अवसर है। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने भी करीब 3.5 करोड़ एनआरआई और भारतीय मूल के लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां भारत की प्रगति और विकास को नई दिशा दे रही हैं।
प्रवासी भारतीय दिवस 9 जनवरी 1915 को महात्मा गांधी के दक्षिण अफ्रीका से भारत लौटने की स्मृति में मनाया जाता है। यह दिवस दुनिया भर में फैले भारतीय समुदाय के योगदान को सम्मानित करने और भारत के विकास में उनकी भूमिका को रेखांकित करने का प्रतीक है।
