
धनेश विद्यार्थी
दक्ष दर्पण समाचार सेवा ।
रेवाड़ी।
नगर के अग्रवाल भवन में आयोजित दिव्य श्रीमद्भागवत कथामृत साप्ताहिक कार्यक्रम विश्व सनातन धर्म सेवा ट्रस्ट करा रहा है, जिसमें जगन्नाथ महाप्रभु की संस्कृति को देश और विदेशों में कोने-कोने तक पहुंचाने का काम कर रहे प्रकांड विद्वान डॉ पंडित काशीनाथ मिश्र को सुनने के लिए काफी लोग पहुंच रहे हैं।
शुक्रवार को श्रीमद्भागवत कथामृत में चौथे दिन हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल, विधायक लक्ष्मण सिंह यादव और भाजपा की जिलाध्यक्ष डॉ. वंदना पोपली भी पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ महाप्रभु जगन्नाथ के दर्शन के लिए पहुंचे और उन्होंने जगन्नाथ पुरी से पधारे डॉ. पंडित काशीनाथ मिश्र का आशीर्वाद प्राप्त किया। पंडित काशीनाथ मिश्र ने सभी अतिथियों का पटका पहनाकर सम्मान किया।
इस मौके पर कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि रेवाड़ी वासियों के लिए यह बड़े ही सौभाग्य की बात कि हरियाणा में पहली बार जगन्नाथ महाप्रभु के विग्रह स्वरूप यहां पधारे हैं। हम सभी को श्रीमद्भागवत कथामृत सुनकर इसे जीवन में उतारना होगा, तभी कथा का भाव सार्थक हो पाएगा।
उन्होंने हरियाणा सरकार की ओर से डॉ. पंडित काशीनाथ मिश्र का भी आभार व्यक्त किया।
डॉ. मिश्र ने कथा प्रवचन करते हुए कहा कि भविष्य पुराण (व अन्य पुराणों) के अनुसार, कलयुग में समाज, धर्म, राजनीति और प्रकृति में भारी गिरावट आएगी, जहां धन और शक्ति का बोलबाला होगा, लोग स्वार्थी बनेंगे और अंत में मनुष्य में कई लक्षण दिखाई देंगे, जिनमें धर्म, सत्य, पवित्रता, क्षमा, दया, आयु, बल और स्मरण शक्ति की कमी होना शामिल है। कहते हैं कि कलयुग के अंत में लोग पूजा-पाठ करना, वेदों को पढ़ना और उनका सम्मान करना छोड़ देंगे। फ़िर युग के अंत में भगवान कल्कि अवतार लेंगे, धर्म की स्थापना करेंगे।
डॉ मिश्र के अनुसार कल्कि अवतार में भगवान विष्णु कलयुग के अंत में, पृथ्वी पर अधर्म और पाप के चरम पर होने पर, एक योद्धा के रूप में अवतरित होंगे, जो सफेद घोड़े पर सवार होकर, तलवार से पापियों का संहार करेंगे, और सत्य व धर्म की स्थापना के साथ एक नए युग (सतयुग) की शुरुआत करेंगे, जिसमें बुराई खत्म हो जाएगी और धर्म का राज होगा, यह एक बड़े परिवर्तन और सृष्टि के नवीनीकरण का समय होगा।
इससे स्पष्ट होता है कि मनुष्यो को नित्य केवल श्रीमद्भागवत महापुराण का पठन करने से सम्पूर्ण ग्रंथो को पढ़ने का फल मिलता है। जो मानव नित्य श्रीमद्भागवत जी पढ़ता है, वो कलियुग के दोषों से मुक्त हो जाता है और जो प्रतिदिन पवित्र चित्त होकर भागवत के एक श्लोक का पाठ करता है, वह मनुष्य अठारह पुराणों के पाठ का फल पा लेता है। श्रीमद्भागवत के नित्य पठन से कलियुग के सभी दोषों से मुक्त हो जाते है।
इस अवसर पर कार्यक्रम के आयोजक नवीन भुराड़िया व रीतू भुराड़िया के अलावा भगवान परशुराम ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष पंडित रमेश शर्मा, राजीव अग्रवाल, लोकेश भुराड़िया, राजकुमार जाटव, नौबत सिंह यादव, युग सोडाणी, महावीर प्रसाद मंगला, हेमा शर्मा, ममता आहूजा, सुधीर सहगल, दिनेश लड्ढा, श्याम सखा समिति के तमाम सदस्य, संगीता सोमानी, कमला भुराड़िया, पूनम गोयल, पूनम शर्मा, बिमला देवी अग्रवाल, सीमा शर्मा, अरुणा लड्ढा, ममता झवर व रीतू झवर सहित सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

चित्र : सम्मान के बाद मंत्री विपुल गोयल अपनी बात रखते हुए।
————
