
गौरव राजपुरोहित
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तान कि खुफिया एजेंसी आईएसआई के इशारे पर चल रहे तीन आतंकवादियों को गिरफ्तार किया है. यह रैकेट पाकिस्तान का माफिया डॉन शहजाद भट्टी चला रहा था, जो आईएसआई से निर्देश लेकर भारत में टारगेट किलिंग और ग्रेनेड हमलों की साजिश रच रहा था. पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि इसका सबसे बड़ा टारगेट अनमोल विश्नोई था. दिल्ली पुलिस के एडिशनल सीपी प्रमोद कुमार कुशवाहा ने बताया कि गिरफ्तार किए गए तीनों आतंकी हरगुनप्रीत सिंह ,विकास प्रजापति, और आरिफ सीधे डॉन शहज़ाद भट्टी से संपर्क में थे. ये वही लोग हैं जिन्होंने 25 नवंबर को पंजाब के गुरदासपुर सिटी पुलिस स्टेशन के बाहर हैंड ग्रेनेड फेंका था. ये हमला शहजाद भट्टी के निर्देश पर किया गया था. मोबाइल चैट्स, वॉयस नोट्स से भी पुष्टि हो गई है एडिशनल सीपी ने बताया कि तीनों आतंकी पंजाब में कई जगहों की रेकी कर चुके थे. वीडियो फुटेज, वॉयस चैट्स, लोकेशन डेटा और सोशल मीडिया ऐप्स पर हुई बातचीत से साफ है कि यह मॉड्यूल सिर्फ एक गैंग नहीं, बल्कि पूरी तरह से सक्रिय टेरर सेल की तरह काम कर रहा था. डॉन भट्टी सोशल मीडिया के ज़रिए युवाओं को भर्ती कर अपने साथ जोड़ता था और भारत में ग्रेनेड अटैक और टारगेट किलिंग की प्लानिंग करवा रहा था. इस मॉड्यूल के लिंक भी मिले हैं, जिन्हें दिल्ली पुलिस पंजाब पुलिस के साथ साझा करेगी. दिल्ली पुलिस कि स्पेशल सेल का दावा है कि जल्द और भी गिरफ्तारियां होंगी. विकास के पास से एक पिस्टल और 10 जिंदा कारतूस भी बरामद हुए हैं. इस खुलासे के बाद अनमोल विश्नोई की सुरक्षा बड़ा सवाल बन गई है. उसने 27 अक्टूबर को अपने वकील के ज़रिए कोर्ट में अर्जी दिया था कि शहज़ाद भट्टी से उसे जान का वास्तविक खतरा है. 28 नवंबर को एनआईए ने भी कोर्ट में इस खतरे की पुष्टि की थी. एनआईए ने कहा था कि ऐसे इनपुट उनके पास मौजूद हैं. अनमोल विश्नोई ने कोर्ट से मांग की है कि उसे पेशी के दौरान बुलेटप्रूफ गाड़ी में लाया जाए, बुलेटप्रूफ जैकेट दी जाए. इतना ही नहीं उसकी वकीलों और परिवार की सुरक्षा की समीक्षा करके उनको उचित सुरक्षा प्रदान की जाए . उसके वकील ने कहा कि परिवार पर भी लगातार तनाव में है. सोशल मीडिया पर आए धमकी भरे वीडियो और शहजाद भट्टी के पुराने हमलों का रिकॉर्ड इस खतरे को और गंभीर बनाता है. मार्च 2025 में जालंधर में एक यूट्यूबर के घर हुए ग्रेनेड हमले की जिम्मेदारी भी इसी गैंगस्टर ने ली थी. इसलिए सुरक्षा एजेंसियां अनमोल विश्नोई के खतरे को सिर्फ धमकी नहीं, बल्कि असली टेरर इनपुट मानकर जांच कर रही हैं. दिल्ली पुलिस की कार्रवाई भट्टी मॉड्यूल को बड़ा झटका है.
