अर्जुन हिंगोरानी मेरा इतना ख्याल रखते थे कि अगर उनकी जेब में एक रुपया है तो मेरे मांगने पर उनमें से आधे वो मुझे दे दिया करते थे।” अर्जुन हिंगोरानी जी के बारे में ये बात खुद धर्मेंद्र जी ने बताई थी। बकौल धर्मेंद्र, ग्रांट रोड स्टेशन के बाहर स्थित मिरवान्स नाम के एक ईरानी रेस्टोरेंट में अर्जुन हिंगोरानी जी ने उनके नाश्ते का इंतज़ाम किया था।
धर्मेंद्र उन दिनों मुंबई में जिस जगह रहते थे वहां से दादर स्टेशन करीब ही था। धर्मेंद्र को ट्रेन का पास भी मिला था। दादर से चलकर पांचवा स्टेशन पड़ता है ग्रांट रोड। धर्मेंद्र वहां उतरकर मिरवान्स रेस्टोरेंट आते और वहां नाश्ता करते। उनका नाश्ता होता था बिना मक्खन वाले ब्रैड के दो पीस और एक कप चाय।
आज अर्जुन हिंगोरानी जी का जन्मदिवस है साथियों। 15 नवंबर 1926 को अर्जुन हिंगोरानी जी का जन्म हुआ था। फिल्मस्टार बनने का ख्वाब आंखों में लिए पंजाब से मुंबई आए धर्मेंद्र को पहला ब्रेक अर्जुन हिंगोरानी जी ने ही दिया था। अर्जुन हिंगोरानी ही वही शख्स भी थे जिन्होंने पहली सिंधी फिल्म “अबाना” का निर्माण किया था। अबाना में अर्जुन हिंगोरानी जी ने साधना को पहला ब्रेक दिया था। “दिल भी तेरा हम भी तेरे” अर्जुन जी की दूसरी फिल्म थी। किस्सा टीवी अर्जुन हिंगोरानी जी को बहुत सम्मान ये याद करते हुए उन्हें नमन करता है।
अर्जुन हिंगोरानी व धरम जी से जुड़ी एक और रोचक कहानी जानते हैं। एक इंटरव्यू में अर्जुन जी ने बताया था कि कैसे वो पहली बार धर्मेंद्र से मिले थे और धर्मेंद्र की पर्सनैलिटी से बेहद प्रभावित हुए थे। अर्जुन जी ने उस इंटरव्यू में कहा था कि जिस फ़िल्मफ़ेयर टैलेंट हंट में धर्मेंद्र हिस्सा लेने आए थे, उसी में अर्जुन हिंगोरानी की एक कज़िन भी हिस्सा ले रही थी। उसका नाम था नीमा। आमतौर पर तो नीमा जी का भाई उन्हें उस कॉन्टेस्ट में लेकर जाते थे।
मगर एक दिन जब नीमा जी का भाई बीमार हुआ तो उन्होंने अर्जुन हिंगोरानी से रिक्वेस्ट की, कि वो उन्हें फ़िल्मफ़ेयर कॉन्टेस्ट में साथ चलें। अर्जुन अपनी बहन के साथ चल दिए। वो कॉन्टेस्ट अंधेरी स्थित मोहन स्टूडियो में चल रहा था। और सभी प्रतिभागियों को टाइम्स ऑफ़ इंडिया की बिल्डिंग से एक बस में भरकर मोहन स्टूडियो तक ले जाया जाता था। तो उस दिन बस में अर्जुन हिंगोरानी ने पहली बार धरम जी को देखा। और धरम जी की पर्सनैलिटी से अर्जुन बहुत प्रभावित हुए।
अर्जुन जी ने उस इंटरव्यू में कहा था कि जब उन्होंने धर्मेंद्र को पहली बार देखा था तो उनके मन में यही ख्याल आया कि ये लड़का तो अगर कैमरे के सामने बस खड़ा हो जाए, तो भी हीरो ही लगेगा। साथियों इस समय तक अर्जुन हिंगोरानी की पहली फ़िल्म अबाना, जिसका ज़िक्र आप उपर देख चुके होंगे, वो रिलीज़ होकर कामयाब हो चुकी थी। और अर्जुन जी इस वक्त तक कोई हिंदी फ़िल्म बनाने के लिए बेकरार रहते थे। वो अपने प्रोड्यूसर से कहते रहते थे कि अब उन्हें कोई हिंदी फ़िल्म बनानी है। मगर प्रोड्यूसर रिस्क लेने की हिम्मत नहीं कर पाता था तब।
खैर, अर्जुन हिंगोरानी जी ने धर्मेंद्र जी से बातचीत की। और उन्होंने बातों ही बातों में धर्मेंद्र जी से कहा कि अगर मैं डायरेक्टर बना तो मेरा पहला हीरो तू ही होगा। उस बात को काफ़ी वक्त हो गया। धरम जी वो फ़िल्मफ़ेयर वाला कॉन्टेस्ट जीत नहीं सके। दूसरे स्थान पर रह गए। पहले स्थान पर कोई दूसरा प्रतिभागी था। आज उसका कोई नाम भी नहीं जानता। धरम जी की आत्मकथा में उसके नाम का ज़िक्र है। मगर फिलहाल मुझे भी पक्के तौर पर याद नहीं कि क्या नाम था उसका। शायद सुरेश पुरी था? या कुछ और नाम होगा उसका। बाकि, उस कॉन्सेट् में महिला विनर अर्जुन हिंगोरानी की बहन नीमा ही थी।
धरम जी जब वो कॉन्टेस्ट ना जीत सके तो उन्हें निराशा होने लगी। और वो एक बार फिर से अपने गांव वापस लौटने की तैयारी करने लगे। अपना बैग पैक करने लगे। मगर इसी दौरान अर्जुन हिंगोरानी उन्हें तलाश रहे थे। अर्जुन जी ने टाइम्स ऑफ़ इंडिया के उस वक्त के एडिटर कोई मिस्टर राव थे। अर्जुन हिंगोरानी ने उनसे धर्मेंद्र के बारे में पूछताथ की। मिस्टर राव ने उन्हें बताया कि धर्मेंद्र तो बहुत निराश है और गांव वापस जाने की तैयारी कर रहा है।
अर्जुन हिंगोरानी ने मिस्टर राव से कहा कि उसे जाने मत दो। उससे कहो कि कल उस बिल्डिंग में(बिल्डिंग का नाम मुझे नहीं पता) 12 बजे तक पहुंच जाए। अर्जुन हिंगोरानी का ये संदेश मिलने पर धर्मेंद्र अगले दिन उस बिल्डिंग में समय से पहुंच गए। वहां अर्जुन हिंगोरानी के साथ दो और लोग थे। अर्जुन हिंगोरानी ने उन दोनों को अपना पार्टनर बनने के लिए राज़ी कर लिया था। उन दोनों ने भी जब धर्मेंद्र को देखा तो उनके व्यक्तित्व के वो दोनों भी कायल हो गए।
उसी वक्त अर्जुन हिंगोरानी व उनके दोनों अन्य पार्टनर्स ने अपनी जेब से 17-17 रुपए निकाले। और कुल 51 रुपए बतौर साइनिंग अमाउंट धर्मेंद्र जी को दिए। धर्मेंद्र बहुत खुश हुए। अर्जुन हिंगोरानी जी ने बताया था कि धर्मेंद्र इतना खुश हुआ था कि उस दिन उसने एक पंजाबी होटल में तीन रुपए खर्च करके बढ़िया सा चिकन लंच किया। धर्मेंद्र जी का खुश होना बनता भी था। आखिरकार उन्हें उनकी पहली फ़िल्म ‘दिल भी तेरा हम भी तेरे’ का साइनिंग अमाउंट मिला था। उनका करियर शुरू हो रहा था। और धरम जी के जीवन में ये सब खुशियां आई थी सिर्फ़ एक आदमी की बदौलत। वो थे अर्जुन हिंगोरानी।
साभार true story
