
–
जयवीर सिंह
दक्ष दर्पण समाचार सेवा ।
सोनीपत, 15 नवंबर।
जिला आयुष विभाग की ओर से मधुमेह दिवस के उपलक्ष्य में शनिवार को जिले के विभिन्न राजकीय विद्यालयों में स्वास्थ्य जांच शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डा. रामअवतार सिंह के दिशा-निर्देशन में आयोजित इन शिविरों का उद्देश्य विद्यार्थियों में मधुमेह सहित जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. रामअवतार सिंह ने इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं उपस्थित स्टाफ को संबोधित करते हुए कहा कि मधुमेह आज न केवल वयस्कों बल्कि युवा और बच्चों के लिए भी चुनौती बनता जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह बीमारी गलत जीवनशैली, अनियमित भोजन, शारीरिक श्रम की कमी और तनाव के कारण तेजी से फैल रही है। डॉ. सिंह ने विद्यार्थियों को जागरूक करते हुए कहा कि नियमित व्यायाम, योग, संतुलित आहार और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच करवाना मधुमेह की रोकथाम के सबसे प्रभावी उपाय हैं।
उन्होंने बताया कि आयुष प्रणाली में कई जड़ी-बूटियाँ, पंचकर्म पद्धति और योगासन मधुमेह को नियंत्रित करने में सहायक सिद्ध हुए हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने का उद्देश्य यही है कि वे प्रारंभ से ही स्वस्थ आदतें अपनाएँ, जिससे भविष्य में गंभीर बीमारियों से बचा जा सके। डॉ. सिंह ने सभी विद्यार्थियों से “स्वस्थ रहें – जागरूक रहें” का संदेश देते हुए नियमित रूप से स्कूल स्वास्थ्य कार्यक्रमों में भाग लेने की अपील की।
गवर्नमेंट मिडिल स्कूल, झिंझोली में स्वास्थ्य जांच शिविर का संचालन डॉ. अंकित दाबस एएमओ एवं कंवर द्वारा किया गया। शिविर में कुल 60 विद्यार्थियों की स्वास्थ्य जांच की गई। शिविर में मधुमेह के कारण, लक्षण और बचाव के उपायों पर विस्तारपूर्वक सत्र आयोजित किया गया। साथ ही विद्यार्थियों को योग अभ्यास भी कराया गया।
जीएसएसएस खेवड़ा में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन डॉ. स्वाति (एएमओ) और डॉ. सोनाली (एएमओ) की टीम द्वारा किया गया। शिविर में कुल 100 विद्यार्थियों की स्वास्थ्य संबंधी जांच की गई और उन्हें रोगों की रोकथाम के लिए आवश्यक जानकारी प्रदान की गई।
गवर्नमेंट प्राइमरी स्कूल कैलाना में आयोजित शिविर में मेडिकल टीम द्वारा 57 विद्यार्थियों की स्वास्थ्य जांच की गई। विद्यार्थियों को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, संतुलित भोजन और शारीरिक सक्रियता की महत्ता समझाई गई।
सभी शिविरों में मधुमेह की रोकथाम, स्वस्थ जीवनशैली, योग, नियमित व्यायाम और पौष्टिक आहार के बारे में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष सत्र आयोजित किए गए। जिला आयुष विभाग द्वारा किए गए ये प्रयास विद्यार्थियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहे हैं।
