
धर्मपाल वर्मा
दक्ष दर्पण समाचार सेवा dakshdarpan2024@gmail.com
चण्डीगढ़।
हरियाणा में कांग्रेस एक बार फिर सत्ता प्राप्ति के लिए संघर्ष करती नजर आ रही है। पार्टी ने संगठन खड़ा करने की कोशिश की है कुछ प्रभावी कार्यक्रम भी बनाए हैं लेकिन उसके पास अपने प्रतिद्वंदी दल भाजपा की तरह के विचार कैडर और पारदर्शिता की नहीं है। हरियाणा में कांग्रेस के नए प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में काम करना शुरू किया है ।नए अध्यक्ष ने कुछ नया करने की कोशिश जरूर की है लेकिन लगता है कि वह अभी दबाव में है और उचित फैसले नहीं ले पा रहे हैं।
कांग्रेस ने वोट चोरी के मामले को लेकर जिला स्तर पर कमेटियां बनाई है
लेकिन यदि आप इसे ध्यान से देखेंगे तो पाएंगे कि इसमें जनरल बॉडी की कांग्रेस, महिला कांग्रेस, यूथ कांग्रेस तथा एनएसयुआई के कार्यकर्ताओं को सम्मानपूर्वक जगह दी है लेकिन ऐसी समुदाय को उचित प्रतिनिधित्व नहीं दिया गया है इसमें जो एस सी प्रतिनिधि आए हैं वह सभी पदेन शामिल किए गए हैं । मतलब या तो कोई जिला अध्यक्ष के नाते शामिल किया गया है या किसी दूसरे प्रकोष्ठ के पदाधिकारी की हैसियत से। लेकिन एससी (प्रकोष्ठ) को कोई तवज्जो नहीं दी गई है। इस वर्ग के लोग यह महसूस करते हैं कि जब कार्यक्रम शुरू होंगे तो भीड़ जुटाने और व्यवस्था बनाने की (दरी बिछाने) की जिम्मेदारी एससी कांग्रेस के साथियों को दी जाएगी… यह स्थिति तो तब है जब कांग्रेस खुद को दलित हितैषी होने का दावा करती है। अब यह सवाल उठाए जा रहे हैं कि पार्टी द्वारा एससी कांग्रेसियों को सम्मान क्यों नहीं दिया जा रहा है।
इस मामले में जब बवाल हुआ शोर मचा तो प्रदेश अध्यक्ष ने संशोधन करने का आश्वासन दिया था परंतु हुआ कुछ नहीं। पार्टी में संगठन में समायोजन योग्यता , व्यावहारिकता और उपयोगिता के आधार पर नहीं होना पार्टी के लिए चिंता का विषय है । जब महत्वपूर्ण पदों पर गैर पेशेवर लोगों को समायोजित किया जाता है तो इसका खामियाजा पूरे संगठन को भुगतना पड़ता है। संगठन में महत्वपूर्ण समायोजन लचर तरीके से हो रहे हैं। इसमें गंभीरता का अभाव दिखा जा रहा है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष को यह बात समझ लेनी होगी कि जब गीली लकड़ी चूल्हे में दी जाती है तो वह धूंआ देती है और धुआं दूर से नजर आता है। कांग्रेस को यह नहीं भूलना चाहिए कि पिछले विधानसभा के चुनाव में दलित मतदाताओं ने अंतिम दौर में कांग्रेस को धीरे से जोर का झटका देकर सत्ता से वंचित कर दिया था।
