
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
सोनीपत/चण्डीगढ़। पुलिस आयुक्त ममता सिंह, IPS (ADGP) के दिशा-निर्देशानुसार एवं पुलिस उपायुक्त पश्चिमी जोन कुशल पाल सिंह के मार्गदर्शन में सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर थाना प्रबंधक साइबर सोनीपत निरीक्षक बसंत कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आज हैप्पी चाइल्ड नर्सिंग कॉलेज, सोनीपत में “Drugs Awareness Program” आयोजित किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशा मुक्त भारत अभियान, साइबर अपराधों की रोकथाम, इंटरनेट के दुष्प्रभावों तथा महिला सशक्तिकरण के विषय में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
टीम ने बताया कि नशा व्यक्ति के जीवन को बर्बाद करता है, इसलिए इससे दूर रहना ही सबसे बड़ा बचाव है। विद्यार्थियों को सोशल मीडिया और इंटरनेट का सुरक्षित उपयोग करने, अनजान लिंक या कॉल से सावधान रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और नशा मुक्त, सुरक्षित एवं जागरूक समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
