
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
चण्डीगढ़ ।
डी.ए.वी. पुलिस पब्लिक स्कूल में वैदिक संस्कृति पुण्य मास के अवसर पर विविध धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में 11 कुण्डीय हवन का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने श्रद्धापूर्वक भाग लिया। हवन का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैदिक मूल्यों, पर्यावरण संरक्षण तथा आध्यात्मिक जागरूकता का प्रसार करना था।
इसके पश्चात आर्य समाज की शिक्षा पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने आर्य समाज के सिद्धांतों, शिक्षा के महत्व तथा समाज सुधार में इसके योगदान पर प्रभावशाली विचार प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम की विशेष आकर्षण रही “वेदों की वाणी – ज्ञान का आधार” विषय पर नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति। विद्यार्थियों ने इस नाटक के माध्यम से वेदों के ज्ञान, मानवीय मूल्यों एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण को जन-जन तक पहुँचाने का संदेश दिया।
अंत में प्रधानाचार्या श्रीमती सविता धनखड़ जी ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन भारतीय संस्कृति एवं वैदिक परंपराओं के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।इनका आयोजन समय–समय पर आवश्यक है।
