
धर्मपाल वर्मा
दक्ष दर्पण समाचार सेवा dakshdarpan2024@gmail.com
चण्डीगढ़।
बिहार के चुनाव में हरियाणा के लोगों की रुचि हमेशा ही बनी रहती है। यहां बिहार मूल के लोग धीरे-धीरे शहरों के बाद गांवों में भी बड़ी संख्या में आकर रहने लगे हैं ।कृषि कार्यों में बिहार के श्रमिकों की मांग पंजाब के बाद हरियाणा में काफी बढ़ी है। हरियाणा की राजनीति से जुड़े नेता भी अब बिहार मूल के लोगों की परवाह करते देखे जा सकते हैं। हरियाणा सरकार ने तो इस बार बिहार के छठ पूजा के प्रसिद्ध त्योहार को विशेष तौर पर पंचकूला में मनाने की पहल की और मुख्यमंत्री नायक सैनी अलग ही भूमिका में नजर आए।
बिहार के चुनाव को लेकर हरियाणा में यह विशेष तौर पर माना जा रहा है कि इस बार के बिहार विधानसभा के चुनाव कुछ खास नजर आ रहे हैं। उन्हें यह चुनाव परिवर्तन का लग रहा है ।चुनाव परिणाम रोचक और अप्रत्याशित दिख रहे हैं। हरियाणा में मीडिया, सोशल मीडिया में बिहार की चर्चा आईपीएस वाई पूर्ण कुमार की आत्महत्या मामले के बाद कितनी प्रभावित होगी, इस पर भी लोग नजर रखे हुए हैं। हरियाणा के कुछ विशेषज्ञ यह मानकर चल रहे हैं कि इस चुनाव में नीतीश कुमार घाटे में रह सकते हैं। अब उन्हें इस बात का एहसास भी होने लगा है कि भारतीय जनता पार्टी उन्हें मुख्यमंत्री बनाने की योजना पर काम नहीं कर रही है। यह चुनाव नीतीश कुमार का आखिरी चुनाव भी हो सकता है। आरंभिक दौर में यह चुनाव एनडीए के लिए खतरे की घंटी नजर आने लगा है। बिहार के मौजूदा चुनाव में कांग्रेस को लाभ होता दिख रहा है। महागठबंधन के नेता लगातार इस कोशिश में नजर आ रहे हैं कि मिलकर चुनाव लड़ रहे सभी दलों के वोट अपेक्षा अनुसार शिफ्ट होने चाहिए। कांग्रेस ने बिहार चुनाव प्रचार के लिए जिन 40 नेताओं की सूची जारी की है उन में पार्टी के महासचिव और राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला का नाम भी शामिल है ।हरियाणा के वह अकेले नेता हैं जिन्हें बिहार में यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है ।इस सूची में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे राहुल गांधी सोनिया गांधी प्रियंका गांधी अशोक गहलोत सचिन पायलट आदि शामिल हैं।

छठ पूजा के लिए पंचकूला पहुंचे सीएम सैनी।
