
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
चंडीगढ़। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने हरियाणा की मौजूदा भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की कर्मभूमि हरियाणा को भाजपा ने अपराधियों, माफियाओं और गैंगस्टरों के हवाले कर दिया है।
सुरजेवाला ने कहा कि जिस धरती ने “परित्राणाय साधूनां, विनाशाय च दुष्कृताम्” का संदेश पूरी सृष्टि को दिया, आज वही धरती भाजपा की नाकामी से अपराध के जाल में जकड़ी पड़ी है।
सुरजेवाला ने कहा कि आज हालत यह हैं कि हरियाणा पुलिस जिसका काम जनता की सुरक्षा है, वह खुद “भाजपा की इज़ ऑफ डूइंग क्राइम” की लहर में बह रही है। उन्होंने कहा कि हर रोज़ अखबारों के पन्ने अपराध से रंगे हैं, गांव से लेकर शहर तक कानून का भरोसा गायब और अपराध का खौफ आम लोगों की जिंदगी में उतर चुका है।
यह हो चुका हरियाणा का आज हाल – सुरजेवाला
सोनीपत: कोर्ट में पेशी पर जा रहे पिता-पुत्र की नेशनल हाईवे पर 15 गोलियां मारकर हत्या।
यमुनानगर: नकाबपोश बदमाशों ने व्यापारी को बंधक बनाकर 20 लाख रुपए और कार लूटी।
पानीपत: सीआईए इंस्पेक्टर ने किसान को एनकाउंटर की धमकी देकर 2.5 करोड़ की जमीन 75 लाख में हड़पी।
अंबाला: रूसी पर्यटक से लूट — पासपोर्ट, मोबाइल, नगदी सब छीन लिया गया।
सुरजेवाला ने कहा कि ये चार घटनाएं ही बता देती हैं कि हरियाणा में कानून नाम की कोई चीज नहीं बची।
NCRB रिपोर्ट में खुली भाजपा की पोल
सुरजेवाला ने केंद्र सरकार की NCRB रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि हरियाणा अब देश का चौथा सबसे अपराधग्रस्त राज्य बन गया है।
उन्होंने आंकड़े जारी करते हुए बताया कि हर दिन 3 हत्याएं, 5 बलात्कार, 9 अपहरण और महिलाओं के खिलाफ 46 अपराध हो रहे हैं। प्रति 1 लाख की आबादी पर 740 अपराध के मामले दर्ज हैं। चार्जशीट दाखिल करने की दर सिर्फ 56% और दोष सिद्धि की दर मात्र 13.6% है। आधे से ज्यादा मामले झूठे साबित होते हैं, जिससे अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।
हरियाणा बना अपराध का भाजपाई प्रयोगशाला
सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा ने हरियाणा को अपराध का ‘लैबोरेट्री’ बना दिया है — जहां “न गुंडों को डर है, न माफियाओं को सजा।” उन्होंने कहा कि प्रदेश कालकोठरी में बदल गया है। जनता की जान-माल, इज़्जत और सुरक्षा सब अपराधियों के हवाले कर दी गई है।
नायब सैनी सरकार सत्ता के नशे में चूर
सुरजेवाला ने मुख्यमंत्री नायब सैनी पर भी तीखा वार किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष को धमकाने, झूठ फैलाने और चुटकुले सुनाने में व्यस्त नायब सैनी जनता की समस्याओं से बेखबर हैं। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार और अपराध की मिलीभगत ने हरियाणा को ‘हवा हवाई सरकार’ की गिरफ्त में जकड़ लिया है। सुरजेवाला ने कहा कि कांग्रेस हरियाणा की जनता के साथ खड़ी है। हम हर अपराध पीड़ित को न्याय दिलाएंगे, माफियाओं और अपराधियों से राज्य को मुक्त कराएंगे, और हरियाणा को फिर से ‘हरि की भूमि’ बनाएंगे।
