
गौरव राजपुरोहित
दक्ष दर्पण समाचार सेवा ।
शनिवार को एक महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय ऑपरेशन में अमेरिका से लारेंस विश्नोई गैंग का कुख्यात गैंगस्टर लखविंदर कुमार को भारत वापस लाने में सीबीआई ने बड़ी सफलता हासिल की है. सीबीआई ने यह कार्रवाई विदेश मंत्रालय और गृह मंत्रालय के साथ मिलकर की है. लखविंदर कुमार कुख्यात लॉरेंस विश्नोई गैंग से जुड़ा हुआ है, जो पिछले कुछ वर्षों से देश में आपराधिक गतिविधियों में लिप्त है. गैंगस्टर लखविंदर कुमार के खिलाफ हरियाणा पुलिस ने जबरन वसूली, धमकी, अवैध हथियार रखने और हत्या की कोशिश जैसे कई गंभीर मामलों में केस दर्ज कर रखा था. सीबीआई का यह ऑपरेशन एक साल लंबी कानूनी प्रक्रिया और अंतरराष्ट्रीय समन्वय का परिणाम है. हरियाणा पुलिस के अनुरोध पर 26 अक्टूबर 2024 को सीबीआई के जरिए इंटरपोल ने गैंगस्टर लखविंदर कुमार के खिलाफ रेड नोटिस जारी किया था. इसके बाद अमेरिकी एजेंसियों के साथ उसकी लोकेशन और कानूनी डिपोर्टेशन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई आखिरकार अमेरिकी अथॉरिटीज ने उसे डिपोर्ट कर दिया और 25 अक्टूबर 2025 को गैंगस्टर लखविंदर कुमार भारत पहुंचा. दिल्ली एयरपोर्ट पर हरियाणा पुलिस की एक विशेष टीम पहले से मौजूद थी, जिसने गैंगस्टर को उतरते ही हिरासत में ले लिया. इस ऑपरेशन में भारत का नेशनल सेंट्रल ब्यूरो ने अहम भूमिका निभाई. भारत का नेशनल सेंट्रल ब्यूरो भारत की सभी लॉ एनफोर्समेंट एजेंसियों को इंटरपोल चैनलों के माध्यम से जोड़ने और समन्वित करने का काम करता है. इंटरपोल द्वारा जारी किए जाने वाले रेड नोटिस ऐसे अंतरराष्ट्रीय सर्कुलर होते हैं, जिन्हें दुनिया की सभी कानून प्रवर्तन एजेंसियों को भेजा जाता है, ताकि भगोड़ों को ट्रैक और गिरफ्तार किया जा सके. सीबीआई के अनुसार भारत में इंटरपोल चैनलों के माध्यम से समन्वय बढ़ने से पिछले कुछ वर्षों में 130 से अधिक वांटेड अपराधियों को अलग-अलग देशों से वापस लाया गया है. यह भारत की वैश्विक कानून प्रवर्तन सहयोग की एक बड़ी उपलब्धि है. गैंगस्टर लखविंदर का भारत लाया जाना सिर्फ एक गिरफ्तारी नहीं, बल्कि संगठित अपराध के खिलाफ इंटरनेशनल पुलिसिंग में भारत की बढ़ती साख का प्रतीक माना जा रहा है।
