
धर्मपाल वर्मा
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
चंडीगढ़।
हरियाणा में कई अफसरों ने राजनीति में भाग्य आजमाया। परंतु उनमें ज्यादातर असफल ही रहे हैं। हरियाणा के पहले आईपीएस और पहले ही आईएएस स्वर्गीय डॉ के आर पूनिया नौकरी छोड़कर सोनीपत जिले में बरोदा सुरक्षित विधानसभा क्षेत्र से पहली बार चुनाव जीतकर आए तो उनका जीत का अंतर लगभग 38 हजार था। वह राज्य के उद्योग मंत्री बने परंतु जल्दी ही त्यागपत्र देकर पार्टी से भी अलग हो गए। उसके बाद उन्होंने सढौरा, झज्जर, पटौदी एक बार फिर बरोदा आदि से कई जगह से चुनाव लड़े परंतु किसी में भी सफलता हासिल नहीं हो पाई। श्री पुनिया एक योग्य अधिकारी थे परंतु राजनीति उन्हें रास नहीं आई। वह लोक दल, भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस, बहुजन समाज पार्टी आदि कई दलों में रहे और अंत में उन्हें जेजेपी में देखा गया था। अफसरों की बात करें तो ऐसे कई और उदाहरण हैं जिनके बारे में हम कह सकते हैं कि उन्हें राजनीति बहुत ज्यादा रास नहीं आई।

कुछ दिन पहले हरियाणा कैडर के आईएएस अधिकारी बृजेंद्र सिंह भी वीआरएस लेकर भारतीय जनता पार्टी की टिकट पर हिसार से चुनाव लड़ने और जीतने में सफल रहे परंतु अगले ही चुनाव में वह भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गए। वह कांग्रेस की टिकट पर विधानसभा का चुनाव थोड़े से मतों के अंतर से हार गए।
अब लोगों की नजर बृजेंद्र सिंह की भी परफॉर्मेंस पर है। यहां हम उनकी तुलना डॉ पुनिया से नहीं कर सकते क्योंकि डॉक्टर पूनिया की पारिवारिक पृष्ठभूमि राजनीतिक नहीं थी जबकि बृजेंद्र सिंह कि यह पृष्ठ भूमि बहुत मजबूत है। बृजेंद्र सिंह ने यह साबित किया है कि वह मजबूत इच्छा शक्ति के व्यक्ति हैं और तोल कर बोलना उनकी पहचान है। एक प्रभावी शब्दावली है और यात्रा का उनका निर्णय शुद्ध तौर पर राजनीतिक है। इसीलिए लोग यह दावा कर सकते हैं कि यह यात्रा उन्हें हरियाणा की राजनीति और कांग्रेस दोनों में स्थापित करने का काम कर सकती है।
राजनीति में यात्राओं का बहुत महत्व रहा है। कितने ही ऐसे नेता हैं जिन्होंने यात्राओं की नाव में सवार होकर अपने राजनीतिक मकसद पूरे किए हैं और मजबूत पहचान बनाई है।
स्वर्गीय चौधरी देवीलाल की न्याय युद्ध के दौरान की यात्रा इतनी सफल थी कि उनके नेतृत्व में 1987 में हरियाणा में विधानसभा के चुनाव में पार्टी 90 में से 85 सीट
जीतने में सफल रही थी।
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भी सत्ता में आने के लिए यात्रा का सहारा लिया। उनकी यात्रा चंडीगढ़ से चली और जींद में कंडेला होते हुए नई दिल्ली पहुंची थी। श्री हुड्डा को इस दौरान अपने नए साथियों की परख हुई उस समय उन्हें कार्यकर्ताओं ,सहयोगियों के दमखम और योग्यता का ही पता नहीं चला बल्कि वह हरियाणा में एक मजबूत नेता के रूप में स्थापित हो गए।
आज सत्ता में बैठे भारतीय जनता पार्टी के नेताओं को सत्ता तक ले जाने का श्रेय भी 1990 में निकाली गई रथ यात्रा को दिया जाता है जिसे उस समय के पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालकृष्ण आडवाणी के नेतृत्व में निकाला गया था।
हरियाणा में कांग्रेस के नेता बृजेंद्र सिंह ने 5 अक्टूबर को जो यात्रा शुरू की है उसके भी न केवल कामयाब होने के आसार हैं बल्कि यह यात्रा कांग्रेस के लिए भी बड़ा काम कर सकती है। इस यात्रा के बाद बृजेंद्र सिंह सबसे पहले जींद जिले में एक मजबूत नेता के रूप में स्थापित हो सकते हैं। इसमें भी कोई संदेह नहीं है कि इसका सीधा नुकसान इंडियन नेशनल लोकदल व जेजेपी दोनों को हो सकता है। आपको बता दें कि जींद के लोगों की एक पुरानी पहचान यह रही है कि वे अपने नेता के लिए जान लड़ा देते हैं । उन्हें राजनीति में जिंदा रखने की कोशिश करते रहते हैं। इस बात का लाभ स्वर्गीय चौधरी शमशेर सिंह सुरजेवाला को मिला, चौधरी वीरेंद्र सिंह को मिला और अब बृजेंद्र सिंह को भी मिल सकता है। बृजेंद्र सिंह जींद में स्थापित होने के बाद सोनीपत और रोहतक का रुख भी कर सकते हैं क्योंकि उनके परिवार की राजनीतिक जड़े रोहतक में बहुत गहरी रही है । यदि चौधरी वीरेंद्र सिंह जींद के स्थान पर रोहतक की राजनीति करते तो भूपेंद्र सिंह हुड्डा का राजनीति में स्थापित होना बहुत कठिन हो सकता था।
बृजेंद्र सिंह की यात्रा में पिछले दो-तीन दिन में ही जिस तरह का जन समर्थन जुट रहा है वह उनके विरोधियों की नींद हराम कर सकता है। यहां एक बात खास यह है कि उन्हें भूपेंद्र सिंह हुड्डा या जयप्रकाश बेशक समर्थन देने को तैयार न हो लेकिन उन्हें कुमारी शैलजा, रणदीप सिंह सुरजेवाला का नैतिक समर्थन प्राप्त हो रहा है। सच्चाई तो यह है कि इस मामले में पार्टी के नए प्रदेश अध्यक्ष राव दान नरेंद्र सिंह भी उनकी यात्रा को मूक समर्थन देते नजर आ रहे हैं। बृजेंद्र सिंह यह संदेश सब जगह दे ही रहे हैं कि उन्होंने पार्टी हाई कमान से इजाजत लेकर यह यात्रा शुरू की है। सच्चाई यह भी है कि पार्टी के नेता राहुल गांधी उनके और उनकी यात्रा के प्रति सहानुभूति रखते हैं ।
बताया गया कि सद्भाव यात्रा ने चौथे दिन कलायत विधानसभा क्षेत्र में प्रवेश किया तो यहां के प्रमुख गांव बालू में आसमान
बृजेन्द्र सिंह जिन्दाबाद के नारों से गूंज उठा।
बृजेंद्र सिंह को गांव में सड़क पर प्रतीक्षा कर रहे लोगों ने जगह जगह फूल- मालाओं से लाद दिया ।
ग्रामीण छतों पर खड़े होकर तालियों से यात्रियों का स्वागत कर रहे थे।
इस दौरान भी लोग यह चर्चा करते देखे गए कि
निश्चित तौर पर यह यात्रा कांग्रेस को मजबूती प्रदान करने का ही नही अपितु प्रदेश मे कांग्रेस का राज स्थापित करने का काम करेगी। लोग कांग्रेस जिंदाबाद और राहुल गांधी जिंदाबाद के नारे लगाकर यात्रा में शामिल कार्यकर्ताओं का गर्म जोशी से उत्साह बढ़ाते देखे गए।
