दक्ष दर्पण समाचार सेवा
कैथल।
राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कलायत में आज जिला शिक्षा अधिकारी व डाइट प्राचार्य डॉ. विजय लक्ष्मी के मार्गदर्शन व जनसंख्या शिक्षा प्रकोष्ठ एस.सी.ई.आर.टी. गुरुग्राम के सौजन्य से खंड स्तरीय रोल प्ले और फोक डांस प्रतियोगिता आयोजन किया गया। डाइट कैथल से जिला संसाधन इकाई के प्रभारी डॉ. राज कुमार ने प्रतियोगिता संबंधी दिशा निर्देश विस्तार पूर्वक साझा किये। इस प्रतियोगिता में कुल 11 टीमों ने भाग लिया। रोल प्ले में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कैलरम प्रथम, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, शीमला द्वितीय और राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कलायत तृतीय स्थान पर रहा। फोक डांस प्रतियोगिता में पी.एम. श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बाता प्रथम, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शीमला द्वितीय व राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कलायत तृतीय स्थान पर रहा। रोल प्ले प्रतियोगिता के मुख्य थीम पौष्टिक भोजन, व्यक्तिगत सुरक्षा, इंटरनेट गैजेट और मीडिया साक्षरता, मादक द्रव्यों का सेवन एवं इसके कारण एवं निवारण रहे। फोक डांस प्रतियोगिता के मुख्य थीम लड़कों और लड़कियों के लिए समान अवसर, बाल विकास में संयुक्त परिवार की भूमिका, पर्यावरण की सुरक्षा और मादक द्रव्यों के सेवन की रोकथाम रहे। इन प्रतियोगिताओं का मुख्य उद्देश्य समाज में फैली हुई बुराइयों को रोल प्ले और फोक डांस के माध्यम से प्रदर्शित करना है। डी.आर.यू. इंचार्ज ने इस तरह की प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रतिभागियों को प्रेरित किया व खंड स्तर पर प्रथम व द्वितीय विजेता टीमों के अध्यापकों को 26 सितंबर को होने वाली जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए व्हाट्सएप ग्रुप से जोड़ा गया। निर्णायक मंडल में डॉ. मधु बाला व आशा ने अहम भूमिका निभाई। खंड शिक्षा अधिकारी कलायत के कार्यालय से सलीम ने प्रतियोगिता को सफलतापूर्ण आयोजित करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई व प्रतिभागियों व स्टॉफ के लिए जलपान का भी आयोजन किया गया।

