
धर्मपाल वर्मा
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
चंडीगढ़ ।
पूर्व उप प्रधानमंत्री स्वर्गीय चौधरी देवीलाल के 112 में जन्म दिवस के उपलक्ष में रोहतक में आयोजित इंडियन नेशनल लोकदल की प्रदेश स्तरीय रैली में भारी भीड़ उमड़ने के आसार नजर आने लगे हैं। इस रैली का जोश प्रदेश की राजनीति में एक नई चर्चा छेड़ने वाला है। आपको बता दें कि जो लोग कभी यह कहा करते थे कि दुष्यंत चौटाला मुख्यमंत्री बनेगा, वह भी जो यह दावा करते थे कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा मुख्यमंत्री बनेगा अब वही लोग यह कहते देखे जा सकते हैं कि हरियाणा का अगला मुख्यमंत्री अभय सिंह चौटाला होगा।
होगा या नहीं यह तो वक्त बताएगा लेकिन इंडियन नेशनल लोकदल और अभय सिंह चौटाला को लेकर प्रदेश में विशेष कर किसानों में एक नई उमंग देखने को मिल रही है। रोहतक की रैली से पहले अभय सिंह चौटाला ने राजनीतिक प्रबंधन और दूरदर्शिता का परिचय देते हुए उन प्रभावशाली लोगों को अपने साथ जोड़ना शुरू कर दिया है जो भविष्य में इंडियन नेशनल लोक दल के चेहरे हो सकते हैं। यह खबर महत्वपूर्ण है कि पार्टी के लिए लोकसभा का चुनाव लड़ चुके बलवान सुहाग जो किसी कारण से नाराज थे फिर से पार्टी में लौट आए हैं। यह खबर भी खास कहीं जा सकती है कि अभय सिंह चौटाला को जलपान के लिए पूर्व विधायक स्वर्गीय श्री कृष्ण हुड्डा के पुत्र जितेंद्र हुड्डा ने आमंत्रित किया। रोहतक जिले में कन्हेली
गांव के एक युवक ने अपने फार्म हाउस में खुद की जॉइनिंग के साथ हजारों लोगों को इनेलो में शामिल कराया तो अभय सिंह चौटाला और पार्टी के अन्य नेताओं का उत्साह देखते ही बनता था। यह रिपोर्ट हरियाणा के कोने-कोने से आ रही है कि किसान वर्ग के लोग बड़ी संख्या में रोहतक पहुंचेंगे ।यह रैली रोहतक की अनाज मंडी में होने जा रही है। रोहतक की स्थिति प्रदेश के लगभग बीच की होने के कारण अहीरवाल और मेवात के लोग लोग बड़ी संख्या में रोहतक पहुंचने वाले हैं ।रही बात हिसार सिरसा और भिवानी की, इन जिलों में इंडियन नेशनल लोकदल का जनाधार किसी से छुपा नहीं है ।रोहतक सोनीपत में भूपेंद्र सिंह हुड्डा से नाराज और जननायक जनता पार्टी के विरोधी लोग इस बड़े कार्यक्रम में बढ़ चढ़कर भाग ले सकते हैं ।एक बात शीशे की तरह साफ है कि भारतीय जनता पार्टी की खुद की कोशिश भी यह रहेगी कि इस रैली में बड़ी हाजिरी हो। भाजपा इसे जाट वोट बैंक में डिविजन और भूपेंद्र सिंह हुड्डा की लोकप्रियता में डेंट के रूप में देख रहा है। भारतीय जनता पार्टी इस मामले में बड़ी साड़ी हुई राजनीति करती है।
इंडियन नेशनल लोकदल को प्रदेश में कई निर्णायक क्षेत्रों से जबरदस्त समर्थन मिलने के आसार दिख रहे हैं। विशेषज्ञों के अनुसार यह रैली कांग्रेस के लिए खतरे की घंटी साबित हो सकती है। और कोई दे या ना दे कांग्रेस को इस रैली का जवाब देना पड़ेगा वरना इनेलो देहात में एक बार फिर अपनी जड़े मजबूत कर लेगी।
सम्मान दिवस की इस रैली को लेकर उत्साह में कोई कमी नहीं है। इस समय प्रदेश में बाढ़ की जो स्थिति बनी हुई है यह 25 सितंबर तक सामान्य हो जाएगी इसलिए लोगों को आवागमन में कोई दिक्कत पेश नहीं आएगी। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला भी आश्वस्त है कि रैली में बड़ी संख्या में भीड़ जुटने वाली है इसीलिए उनकी भाव भंगिमाएं भी बदल गई है और उत्साह और संतोष उनके चेहरे पर साफ नजर आने लगा है। अभय सिंह ने राजनीति में अपने प्रतिद्वंद्वी भूपेंद्र सिंह हुड्डा के घर में और उस शहर में यह आयोजन रखा है जहां जननायक जनता पार्टी नब अपना प्रदेश कार्यालय बना रखा है। अब अभय सिंह चौटाला मंजे हुए राजनेता की तरह व्यवहार करते दिखते हैं तो उनके समर्थक बड़े गुमान से यह कहते हैं कि अगला सीएम अभय सिंह चौटाला होगा। इसलिए यह मान लेना गलत नहीं होगा कि अभय सिंह भी इस मान्यता के पक्षधर जरूर होंगे कि
“जम्हूरियत दर्ज ए हकीकत है,
इसमें सिर गिने जाते हैं तोले नहीं जाते”।
अब शायद उन्होंने स्वर्गीय चौधरी देवीलाल के उस विचार को भी अंगीकार कर लिया है जिसमें वह कहा करते कि लोकतंत्र में जो व्यक्ति लोगों के बीच में रहेगा वह निश्चित तौर पर कामयाबी हासिल करेगा।
