
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
कैथल (कृष्ण प्रजापति): ढांड क्षेत्र के प्रमुख समाजसेवी, आढ़ती और प्रसिद्ध राइस मिलर जितेंद्र कुमार गोयल उर्फ पोला को सर्वसम्मति से राइस मिलर एसोसिएशन ढांड का नया प्रधान चुना गया है। उनके चयन से व्यापार जगत और स्थानीय समाज में खुशी की लहर है। गौरतलब है कि जितेंद्र गोयल इससे पहले ढांड मार्केट कमेटी के वाइस चेयरमैन पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उस कार्यकाल में उन्होंने किसानों और व्यापारियों से जुड़े मुद्दों को गंभीरता से उठाया और उनके समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके अनुभव और साफ-सुथरी छवि ने उन्हें व्यापार जगत में अलग पहचान दिलाई है। एसोसिएशन के सदस्यों और व्यापारियों ने विश्वास जताया कि गोयल के नेतृत्व में चावल मिल उद्योग को नई दिशा मिलेगी और आढ़तियों व मिलर्स की समस्याओं को प्रशासन और सरकार तक मजबूती से पहुंचाया जाएगा। सर्वसम्मति से चयन के बाद जितेंद्र गोयल ने कहा कि वे इस जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी से निभाएंगे और उनका उद्देश्य होगा कि ढांड क्षेत्र का मिल उद्योग मजबूत हो, व्यापारियों की समस्याओं का समाधान हो और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियां और आगे बढ़ें।
ढांड क्षेत्र में गोयल परिवार का नाम लंबे समय से व्यापार और समाजसेवा के लिए सम्मान के साथ लिया जाता है। उनके इस चयन पर व्यापारिक, सामाजिक और राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं प्रेषित की। इस मौके पर राजेंद्र सिंह किसान राइस मिल, रमेश चंद गुर्जर राइस मिल, गुलाब सिंह पूर्व प्रधान चिंतपूर्णी राइस मिल, बृज लाल श्री श्याम फूड सहित ढांड के सभी मिलर उपस्थित रहे।
