
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
तावडू। गुरूग्राम जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) यूनिट की ओर से रविवार को तावडू नगर में महिला कार्यकर्ता बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक नूंह रोड स्थित जेजेपी नेता के कार्यालय परिसर में हुई, जिसमें सैकड़ों की संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
इस मौके पर जेजेपी की प्रदेश प्रभारी किरण पूनिया और प्रदेश अध्यक्ष रजनी मलिक मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रही। कार्यक्रम का आयोजन तावडू जजपा हलका प्रधान अख्तर अली की देखरेख में किया गया।
बैठक में पार्टी की नीतियों और आगामी रणनीतियों पर चर्चा की गई। प्रदेश प्रभारी किरण पूनिया और प्रदेश अध्यक्ष रजनी मलिक ने महिला कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि महिला समाज की वास्तविक स्थिति को भली-भांति समझती हैं और अगर संगठित होकर आगे आएं तो सत्ता परिवर्तन की ताकत भी रखती हैं। उन्होंने कहा कि राजनीति में महिलाओं की भागीदारी जरूरी है और जेजेपी ने हमेशा महिलाओं के अधिकारों की आवाज़ उठाई है। पंचायत चुनावों में महिलाओं को आरक्षण दिलाने में जेजेपी का अहम योगदान रहा, जिसके चलते आज पंचायत स्तर पर महिलाएं नेतृत्व की भूमिका निभा रही हैं।नेताओं ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि लोकतंत्र में एक-एक वोट की कीमत होती है और महिलाओं को समझना होगा कि उनके हित में कौन खड़ा है।
इस बैठक में जिलेभर से आई महिला कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ भागीदारी निभाई और जेजेपी नेतृत्व को भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में वे पार्टी को मजबूत बनाने में अहम भूमिका अदा करेंगी।
