
डीडी न्यूज नेटवर्क।
कुरुक्षेत्र(वैष्णवी)।नाबालिग छात्रा का पीछा करने और अश्लील इशारे करने के आरोपी युवक को कोर्ट ने दोषी करार दिया है। दोषी मोहन नगर निवासी 25 वर्षीय नवदीप चीमा को 3 साल कठोर कैद और 10 हजार रुपए जुर्माने की सजा सुनाई है।
थानेसर की एक कॉलोनी निवासी 17 वर्षीय छात्रा ने 4 दिसंबर 2022 को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह 12वीं कक्षा में पढ़ती है। जहां ट्यूशन पढ़ने जाती हैं, उसके नजदीक किराए के मकान में नवदीप नाम का युवक रहता है।वह उसे आते-जाते परेशान करता है। साथ ही गलत इशारे करता है। युवक की हरकतों के कारण कई महीने से वह स्कूल भी नहीं जा पा रही है। 4,दिसंबर 2022 को उक्त युवक उसके घर के आसपास चक्कर लगाने लगा व गलत इशारे करने लगा।शिकायतकर्ता के माता-पिता ने उसे समझाना चाहा तो आरोपी ने घर पर ईंट-पत्थर बरसा दिए। साथ ही शिकायतकर्ता व उसके माता-पिता को जान से मारने की धमकी दी। शिकायत पर पुलिस ने 12 पोक्सो एक्ट, पीछा करने सहित कई धारा में केस दर्ज किया था। महिला थाना कुरुक्षेत्र ने छानबीन के बाद आरोपी मोहन नगर निवासी नवदीप चीमा को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया था। यह जानकारी देते हुए जिला-उप न्यायवादी राजकुमार ने बताया कि मामले की नियमित सुनवाई अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश विवेक सिंघल की पोक्सो एक्ट की स्पेशल फास्ट ट्रैक कोर्ट में चली। कोर्ट ने गवाही व साक्ष्यों के आधार पर आरोपी नवदीप चीमा को 12 पोक्सो एक्ट (नाबालिग का यौन उत्पीड़न) व आईपीसी- 354डी (पीछा करना) के तहत दोषी करार दिया।दोषी को 3 साल कठोर कैद व 10 हजार रुपए जुर्माने की सजा सुनाई। जुर्माना न भरने पर 6 महीने अतिरिक्त सजा काटनी होगी।
