
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
पंचकूला/ कालका 22 जून 2025।
हरियाणा सरकार द्वारा बिजली बिलों में भारी बढ़ोतरी करने के कारण लोगों में रोष व्यापक है इसी विषय में शिवालिक विकास मंच प्रदेश अध्यक्ष एवं कांग्रेस प्रदेश पूर्व सचिव विजय बंसल एडवोकेट ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और बिजली मंत्री को ज्ञापन भेज कर बिजली की दरें न बढ़ाने और रिहायशी बिजली बिल माफ करने की मांग की है।
विजय बंसल एडवोकेट ने ज्ञापन में कहा कि पिंजौर के एचएमटी ट्रैक्टर और एसीसी सीमेंट जैसे उद्योग बंद होने के कारण कालका सहित जिला पंचकूला में बेरोजगारी काफी बढ़ी है जिस कारण यहां के सभी लोग आर्थिक रूप से काफी कमजोर हो चुके हैं यहां पर रोजगार के साधन नहीं है बिजली की दरें बढ़ने से लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ गया है। विजय बंसल ने भाजपा पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा कि पहले से ही उद्योग बंद होने के कारण बढ़ती हुई बेरोजगारी और कई गुना महंगाई की मार झेल रहे लोगों पर भाजपा की जन विरोधी सरकार ने लोगों की दिक्कतें दूर करने की तो बात दूर की है बिजली बढ़ोतरी कर सरकार ने एक और आर्थिक बोझ लाद दिया है।
विजय बंसल ने कहा कि हरियाणा में बिजली के रेट सबसे अधिक होने के कारण यहां से सारे उद्योग धंधे पहले ही उत्तराखंड या हिमाचल प्रदेश की ओर पलायन कर चुके हैं अब एक बार फिर से बचे कूचे उद्योग पलायन कर सकते हैं जिससे प्रदेश में बेरोजगारी और बढ़ेगी।
विजय बंसल ने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा महंगाई बढ़ाकर और लोगों पर विभिन्न प्रकार से विश्व में सबसे अधिक टैक्स लगाने के बाद भी बिजली निगम को लगभग 4500 करोड रुपए के घाटे में बताया जा रहा है और लगभग 3000 करोड रुपए लोगों से वसूलने फरमान जारी कर दिया गया है। भाजपा सरकार को लोगों के ऊपर और बोझ ना डालकर अपने अन्य स्रोतों से घाटे को पूरा करना चाहिए।
विजय बंसल एडवोकेट ने कहा कि पहले जिन लोगों का 1000 रूपये प्रति महीने बिजली का बिल आता था अब उनका बिल बढ़कर 4000 रुपए से अधिक आया है। विजय बंसल एडवोकेट ने बताया कि जिला पंचकूला में लगभग 2 लाख बिजली उपभोक्ता है अकेले पंचकूला शहर में ही 93000 उपभोक्ता हैं। विजय बंसल ने बताया कि इससे पूर्व बिजली की 50 यूनिट या उससे अधिक यूनिट खपत पर ढाई रुपए से लेकर 6.30 रुपए प्रति यूनिट बिल वसूला जाता था लेकिन अब सरकार ने 5 किलो वाट से अधिक लोड पर 6.50 रुपए से 7.50 रुपए प्रति यूनिट वसूला जा रहा है। जबकि जिले में 75 प्रतिशत लोगों का 5 किलो वाट से अधिक बिजली का लोड है।
विजय बंसल ने हरियाणा सरकार से विशेष कर रिहायशी बिजली बिलों को माफ करने सहित बड़ी हुई बिजली दरें वापस लेने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इससे पूर्व की कांग्रेस सरकार ने तो लोगों के 700 करोड रुपए तक के बिजली बिल माफ किए थे और बिजली खाते को अन्य स्रोतों से पूरा किया गया था। बावजूद इसके कांग्रेस सरकार ने हरियाणा प्रदेश में बिजली के कई नहीं पावर प्लांट ही लगाए थे जिसका लाभ आज लोगों को बिजली की नियमित रूप से 24 घंटे सप्लाई द्वारा मिल रहा है।
