
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
पंचकूला ।
हरियाणा में सारे प्रमुख राजनीतिक दल अपना संगठन बनाने और उसे मजबूत करने के काम में लगे हुए हैं। इसका एक कारण यह भी है कि डेढ़ साल बाद पंजाब में विधानसभा के चुनाव होने हैं। ऐसे में आम आदमी पार्टी सहित कांग्रेस और भाजपा के नेता भी संगठन की ओर ध्यान देते नजर आ रहे हैं। इसी कड़ी में आम आदमी पार्टी द्वारा रविवार 15 जून को पंचकूला में एक बड़ी कार्यकर्ता सभा का आयोजन किया जा रहा है। इसकी अध्यक्षता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पूर्व सांसद डॉक्टर सुशील गुप्ता करेंगे। इसकी जानकारी देते हुए पार्टी की हरियाणा इकाई की ज्वाइनिंग कमेटी के चेयरमैन ओमप्रकाश गुज्जर ने बताया कि यह बैठक पंचकूला नई अनाज मंडी में 11:00 बजे शुरू हो जाएगी। इस बैठक में पार्टी के प्रदेश स्तर के सभी पदाधिकारी, सभी जिला अध्यक्ष कार्य कारिणी के सदस्य और वरिष्ठ कार्यकर्ता हिस्सा लेंगे। एक सवाल के जवाब में उन्होंने बताया कि इस बैठक में पंचकूला जिला इकाई के अध्यक्ष को लेकर भी चर्चा होगी ।यह पद विधानसभा चुनाव के समय से खाली है। उन्होंने बताया कि पार्टी में अध्यक्ष पद के कई प्रमुख उम्मीदवार हैं पार्टी नेतृत्व को उनमें से किसी एक का नाम तय करना है। उन्होंने कहा कि एक बात डंके की चोट पर कहीं जा सकती है कि पंजाब में सरदार भगवंत
सिंह मान के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी की सरकार ने शानदार और अनुकरणीय विकास और निर्माण कार्य कराए हैं और पंजाब में आम आदमी पार्टी बहुत मजबूत है। उनका दावा है कि पंजाब में भारतीय जनता पार्टी मुकाबले में भी नहीं है। श्री गुज्जर ने कहा कि पार्टी ने हरियाणा में सभी जिला मुख्यालयों पर बैठकें आयोजित करने का सिलसिला शुरू कर रखा है इसी कड़ी में पंचकूला में भी बैठक आयोजित की जा रही है। इसमें कार्यकर्ता बढ़कर हिस्सा लेने वाले हैं।
