
गौरव राजपुरोहित
दक्ष दर्पण समाचार सेवा *मुंबई। dakshdarpan2024@gmail.com
एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के मास्टरमाइंड गैंगस्टर जीशान अख्तर उर्फ जस्सी पुरेवाल को कनाडा की सरी पुलिस ने हिरासत में लिया है. मुंबई पुलिस ने इसकी पुष्टि की है, गैंगस्टर जीशान अख्तर पंजाब के जालंधर का रहने वाला है और कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस विश्नोई गैंग से जुड़ा है और बाबा सिद्दीकी कि हत्या की साजिश में शामिल था. वह हत्या के बाद फरार हो गया था और पाकिस्तान के माफिया डॉन शहजाद भट्टी की मदद से कनाडा पहुंचा. मुंबई पुलिस अब उसे भारत लाने की प्रक्रिया शुरू कर रही है मुंबई पुलिस की चार्जशीट में बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के मास्टरमाइंड के रूप में जीशान अख्तर उर्फ मोहम्मद यासीन अख्तर का नाम सामने आया था. लॉरेंस विश्नोई गैंग से उसका गहरा रिश्ता उजागर हुआ है. पंजाब के जालंधर का रहने वाले जीशान को साल 2022 में पंजाब पुलिस ने अन्य मामलों में गिरफ्तार किया था. वह जेल में लारेंस विश्नोई गैंग के शूटर्स गुरमेल सिंह के संपर्क में आया और बाबा सिद्दीकी की हत्या की साजिश रची. मुंबई पुलिस की जांच के अनुसार, मई 2024 में जीशान अख्तर और लारेंस विश्नोई गैंग के शुभम लोणकर को हत्या की योजना बनाने का जिम्मा सौंपा गया. जीशान ने हथियारों और शूटर्स के लिए ठिकाने का इंतजाम किया. हिरासत से रिहा होने के बाद जीशान ने हरियाणा के कैथल में गुरमेल सिंह से मुलाकात की. दोनों ने धर्मराज कश्यप और शिवकुमार गौतम के साथ मिलकर मुंबई में हमले की तैयारी की. जीशान ने सितंबर 2024 में मुंबई छोड़ दिया ताकि उस पर शक न हो. उसने शूटर्स को हथियार और लॉजिस्टिक सपोर्ट मुहैया कराया. मुंबई पुलिस का मानना है कि जीशान अख्तर की गतिविधियां भारत और विदेशों में सक्रिय संगठित अपराध सिंडिकेट्स से जुड़ी हैं. जीशान की गिरफ्तारी के बाद मुंबई पुलिस कनाडाई अधिकारियों के साथ प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू कर रही है. यह मामला राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा होने के कारण प्राथमिकता पर है. लारेंस विश्नोई गैंग बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान और पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला जैसे हाई-प्रोफाइल मामलों में शामिल रहा है. मुंबई पुलिस अब अन्य संदिग्धों जैसे शिवकुमार गौतम की तलाश में है. यह घटना मुंबई में संगठित अपराध के बढ़ते खतरे को उजागर करती है.
