
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
कालका। (सुभाष कोहली) हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी इस्कॉन (अंतरराष्ट्रीय श्रीकृष्ण भावनामृत संघ) की ओर से कालका में सांस्कृतिक समर कैंप का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य बच्चों को आध्यात्मिक और नैतिक शिक्षा प्रदान करना है। इस कैम्प में बच्चों को शास्त्रों के माध्यम से नृत्य, नाटक, कला, संगीत, खेल, श्लोक आदि सिखाए गए। यह कैम्प न्यू ग्रेन मार्केट, ब्यूटी वर्ल्ड (दूसरी मंजिल), कालका में 2 जून से 11 जून तक शाम 4 बजे से 6:30 बजे तक आयोजित किया गया। इस कैम्प के समापन पर पिंजौर स्थित सीता राम मंदिर में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बच्चों के साथ-साथ उनके अभिभावकों सहित लगभग 200 लोग उपस्थित थे। इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में बच्चों ने मंच पर एक के बाद एक बेहतरीन प्रस्तुति पेशकर परिजनों का दिल जीत लिया। इस्कॉन के प्रवक्ता के अनुसार बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले 40 बच्चों को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम के समापन पर आये सभी अतिथियों के लिए भोजन की भी व्यवस्था की गई थी।
