

धर्मपाल वर्मा
@ दक्ष दर्पण
चण्डीगढ़; 30 नवंबर को रोहतक जिले के पहरावर गांव में आयोजित भगवान परशुराम जयंती कई कारणों से चर्चा का विषय बनने वाली है। इस आयोजन से कई चीजों को समझा जा सकता है। एक तो यही कि प्रदेश के ब्राह्मण नेतृत्व में दो नाम विशेष तौर पर उभर कर सामने आ गए हैं।

भाग्य के धणी, मेहनत भी घणी।
(नायब सिंह सैनी)
जिस तरह से मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष में एक व्यवहारिक तालमेल नजर आ रहा है वैसे ही प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली और हरियाणा के सहकारिता मंत्री डॉक्टर अरविंद शर्मा के बीच में भी एक ऐसा तालमेल नजर आने लगा है जो ब्राह्मण नेतृत्व के मामले में हरियाणा में सबसे ताकतवर बनकर उभर सकता है।

आरएसएस के संस्कार, आक्रामकता से बचकर मध्यमार्गी होकर चलना, समय अनुकूल फैसले लेना और सहनशीलता आगे भी काम आएगी। (मोहनलाल बडौली)
इन दोनों ने पहरावर को आयोजन के लिए चुनकर न केवल अपने राजनीतिक कौशल का परिचय दिया है बल्कि अपने विरोधियों को बैक फुट पर चले जाने को मजबूर कर दिया है। इस आयोजन के बाद राजनीति के जानकार यह जानने और मानने लगे हैं कि डॉक्टर अरविंद शर्मा को अगला चुनाव लोकसभा का लड़ना पड़ा तो उनकी प्राथमिकता रोहतक रहेगी।

तीन अलग-अलग जगह से चार बार के सांसद 27 विधानसभा क्षेत्रों से चुनाव लड़ चुके डॉ अरविंद शर्मा कुशल राजनीतिज्ञ है, दूरदर्शी हैं। कार्यकर्ताओं शुभचिंतकों और साथियों की अहमियत को जानते हैं ।
इस बात को उनके प्रतिद्वंदी दीपेंद्र सिंह हुड्डा और उनके समर्थकों को ध्यान में रख कर चलना चाहिए।
पहरावर में 30 मई के इस प्रभावशाली कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल कौशिक और कैबिनेट मंत्री डा अरविंद शर्मा की तिकड़ी में परस्पर बढ़ रहा आपसी विश्वास और तालमेल भाजपा हाई कमान के लिए इसलिए सुखद हो सकता है कि यह तीनों न केवल राजनीति के गुर जानते हैं बल्कि सहनशील और मेहनती भी हैं। इनका एक होना उन लोगों के लिए परेशानी का सबब बन सकता है जो केवल बातों का खाने के आदी हैं, ड्रामेबाजी में विश्वास करते हैं खुंदक रखने के लिए जाने जाते हैं। जिनकी बातों को एक बटा दो से भाग देने के बाद भी शेष बच जाता है।

पूरा हरियाणा इस बात को मन मस्तिष्क में रखकर चल रहा है कि केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल आज भी ब्राह्मण नेतृत्व के मामले में विनोद शर्मा के परिवार को सर्वाधिक महत्व देते हैं। इसी परिवार को प्रमोट भी करना चाहते हैं। जहां तक संबंधों और अहमियत का सवाल है हरियाणा के ब्राह्मण नेताओं में एक दो व्यक्ति को छोड़ दें तो अधिकांश के साथ मनोहर लाल के बहुत मधुर संबंध नहीं है। पहरावर के कार्यक्रम में जो ब्राह्मण नेता उपस्थित नहीं थे उनके बारे में आप घर बैठे अनुमान लगा सकते हैं कि इनकी संबद्धता किस नेता के साथ है।

पहरावर की ही बात करें तो यहां जो तिकड़ी मुख्य भूमिका में थी वह तीनों अपने-अपने फन के माहिर भी हैं। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने अपने व्यवहार और बोलचाल के बलबूते पर प्रदेश के कोने-कोने में और सभी समुदायों में अपनी लोकप्रियता का लोहा मंगवा लिया है अभी तो प्रशासनिक मामलों में उन्हें फ्री हैंड की दरकार है फिर भी वह लगातार आगे बढ़ रहे हैं। मोहनलाल कौशिक प्रदेश अध्यक्ष के रूप में इसलिए सफल नेता के रूप में देखे जा रहे हैं कि उनके नेतृत्व में भाजपा ने हरियाणा में हैट्रिक जमाई, नगर निगम, नगर परिषद के चुनाव में अनुकरणीय और शानदार प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल की बोलचाल, भाषण की शब्दावली और समय अनुकूल सही फैसला लेने की क्षमता भी उन्हें खास बनाती है। आरएसएस के दीक्षित होने का लाभ भी उन्हें निश्चित तौर पर मिलता रहा है और आगे भी मिलता रहेगा। मोहनलाल बडोली ने अपनी इस मौजूदा जिम्मेदारी को अनुकरणीय तरीके से निभाया है और मेहनत में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी है। उनमें एक खास बात यह है कि उन्होंने प्रदेश के कोने-कोने में कार्यकर्ताओं को अपने साथ जोड़ने की भरपूर कोशिश की है। भारतीय जनता पार्टी मोहनलाल को सोनीपत लोकसभा के उम्मीदवार के रूप में एक मौका और दे सकती है ,ऐसा माना जा रहा है ।ऐसे में मोहनलाल कौशिक और डॉक्टर अरविंद शर्मा एक दूसरे के पूरक के रूप में भी काम कर सकते हैं। गोहाना को जिला बनाने की बात सिरे चढ़ी तो इसका क्रेडिट जहां मोहनलाल बडोली को मिलेगा वहीं डॉक्टर अरविंद शर्मा भी इसे अपनी बड़ी उपलब्धि के रूप में पेश कर सकेंगे। अभी तो परिसीमन भी होना है।भारतीय जनता पार्टी इस समय हरियाणा में भी इतनी पावरफुल है कि पक्ष भी वही है और विपक्ष भी वही ।मुख्यमंत्री नायब सैनी प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली की आलोचना और नुकसान करने की कोशिश करने वाले लोगों को अब बिलों में घुसने को ही मजबूर होना पड़ेगा। माना जा रहा है कि धीरे-धीरे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सारे बड़े फैसले खुद लेते नजर आने लगेंगे। हरियाणा में जल्दी ही कई बड़े और निर्णायक फैसला होने वाले हैं। एक चीज साफ है कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मोहनलाल बडोली के हितों की सुरक्षा करने के लिए आगे आते रहे हैं। पहरावर की मजबूत रैली ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली और सहकारिता मंत्री डॉक्टर अरविंद शर्मा को हाईकमान की नजरों में राजनीति के मामलों में उपयोगी साबित कर दिया है।
