
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
जयपुर, 23 मई:
भारतीय सेना के सफल ऑपरेशन सिंदूर पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की टिप्पणी को लेकर सियासत गरमा गई है। भाजपा नेत्री रिंकू शर्मा ने इस बयान को सेना के पराक्रम पर सीधा हमला बताते हुए राहुल गांधी की कड़ी आलोचना की है।
रिंकू शर्मा ने तीखा प्रहार करते हुए कहा, “जब हमारी सेना अद्भुत साहस और रणनीतिक क्षमता का प्रदर्शन कर रही होती है, उस समय राहुल गांधी जैसे नेता उनके हौसले पर प्रश्न उठाकर देशद्रोह के समान कार्य करते हैं। यह केवल आलोचना नहीं, बल्कि राष्ट्र की अस्मिता पर कुठाराघात है।”
उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर को भारत की सैन्य ताकत और संकल्प का प्रतीक बताते हुए कहा, “राहुल गांधी की भाषा पाकिस्तान के न्यूज चैनलों की याद दिलाती है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि एक राष्ट्रीय दल का प्रमुख नेता इस प्रकार की टिप्पणी करता है, जिससे हमारे जवानों का मनोबल टूट सकता है।”
रिंकू शर्मा ने कांग्रेस पार्टी को आड़े हाथों लेते हुए सवाल किया, “अब कांग्रेस को यह स्पष्ट करना होगा कि वह भारत के वीरों के साथ है या भारत विरोधी शक्तियों के साथ। सेना पर संदेह करने वालों को लोकतंत्र और जनता कभी माफ नहीं करेगी।”
उन्होंने यह भी कहा कि, “जो नेता शहीदों की शहादत पर राजनीति करते हैं और विजय के पर्व पर सेना पर प्रश्नचिन्ह लगाते हैं, उन्हें भारतीय राजनीति में स्थान नहीं मिलना चाहिए।”
अपने वक्तव्य के अंत में रिंकू शर्मा ने राष्ट्रवादी नागरिकों से आह्वान करते हुए कहा, “अब समय आ गया है कि ऐसी सोच को लोकतांत्रिक रूप से करारा जवाब दिया जाए, जिससे भविष्य में कोई भी राष्ट्रविरोधी बयान देने का साहस न कर सके। भारत की सेना, उसका स्वाभिमान और उसकी विजय गाथाएँ किसी की निजी राजनीति का उपकरण नहीं बनेंगी।”
