
धर्मपाल वर्मा
@ दक्ष दर्पण
नई दिल्ली
भारत और पाकिस्तान के बीच शुरू हुए ऑपरेशन सिंदूर के संघर्ष के दौरान पूरा देश इस बात को लेकर खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहा था कि हमारी सेना दुनिया की सबसे घातक और पेशेवर फौज के रूप में सामने आई है और उसने टारगेट हिट करने और दुश्मन के प्रक्षेपास्त्रो
को इंटरसेप्ट करने में ऐसी महारत हासिल कर ली है कि विरोधियों के हलक सूखने लगे हैं। लेकिन अमेरिका के बिना मांगे हस्तक्षेप के बाद युद्ध विराम की अचानक हुई घोषणा और उसके बाद तुरंत
सामने आई कई चीज़ों से विशेषज्ञ ही नहीं, राजनीतिक दल और देश का आम नागरिक सहमा हुआ और चिंतित दिखाई देने लगा है।उसके जहन में एक प्रचलित कहानी घूमने लगी है जिसमें एक बंदर दो बिल्लियों की रोटी के बंटवारे के दृष्टांत को पेश किया जाता है। भारत-पाकिस्तान के संघर्ष के संदर्भ में विचारणीय विषय यह है कि एक मसले पर लड़ रहे भारत और पाकिस्तान रूपी दो बिल्लियों के बीच में अमेरिका मतलब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बंदर की भूमिका में आने की चेष्टा तो नहीं कर रहा है। उसको दूसरी बिल्ली के ओर साथ आने की इंतजार है।
दो बातें साफ हैं ।एक यह कि अमेरिका साम्राज्यवादी देश तो है ही, वह अपने मकसद की तैयारी कई बार 20 साल पहले भी कर लेता है। उसने अपने मकसद पूरे करने के लिए कितनी बार दादागिरी की है दुनिया जानती है। उसने कई देशों पर झूठे आरोप लगा लगा कर अपने मकसद को पूरा किया। इसी तरह का एक उदाहरण तब देखने को मिला था जब इराक के पूर्व राष्ट्रपति सद्दाम हसन को फांसी पर लटका दिया गया था। ईरान इराक युद्ध, युद्ध विराम और इसमें अमेरिका के हस्तक्षेप को लोग भूले नहीं होंगे। वहां कश्मीर जैसा मसल तो नहीं था परंतु तेल का जरूर था। सद्दाम हुसैन पर खतरनाक केमिकल और एटॉमिक हथियार रखने के आरोप थे उन्हें फांसी पर चढ़ा दिया गया लेकिन सवाल यह है कि ऐसे हथियार मिले कहां, थे ही नहीं। अमेरिका अपने मकसद के लिए आतंकवाद की आड़ में अफगानिस्तान आकर बैठ गया था यह अलग बात है कि वहां उसे मुंह की खानी पड़ी लेकिन भारत के लोगों को यह समझना होगा कि इसी अमेरिका की नजर कश्मीर पर भी हो सकती है और लगता है वह हालातों का फायदा उठाना चाहता है । इस मामले में वह भारत को ब्लैकमेल करने की कोशिश भी कर सकता है
दूसरी बार अमेरिका के राष्ट्रपति बने डोनाल्ड ट्रंप किस तरह की तिकड़म , साजिश और चालाकी कर रहे हैं उसे न केवल समझने की जरूरत है बल्कि इसका मजबूती से प्रतिकार करने की जरूरत उससे भी ज्यादा नजर आने लगी है।

कश्मीर को लेकर यह स्थिति पाकिस्तान ने पैदा कर दी है और यह नजर आने लगा है कि वही “बंदर” को बुलाकर ले आया है। यह सब मिलजुल कर हो रहा है। 22 अप्रैल के टेरर अटैक पर गंभीरता से विचार करने की जरूरत है।यह बात भी समझने की है कि बंदर का असली योजना रोटी को खुद छीन कर खा लेने की भी हो सकती है ।
परंतु देश के हुक्मरान इस बात को समझे या ना समझे परंतु देश की जनता ने इस पर गौर करना जरूर शुरू कर दिया है। उसकी चिंताएं बढ़ी हुई है पाकिस्तान ने जम्मू कश्मीर के मामले को इंटरनेशनल मामला बनाने मैं लगा हुआ है। आज देश चलाने वाले भारत के नेताओं को यह समझ लेना चाहिए कि जो व्यक्ति दो दुश्मनों के मामले में दोनों से दोस्ती निभाता नजर आता है इसका एक हिडन एजेंडा भी होता है। उसे खतरनाक कोई और नहीं होता वह आस्तीन के सांप की भूमिका में होता है। दोस्ती का तो वह ढोंग करता है।

यहां हम यूं कह सकते हैं कि,
कुछ ऐसा है मेरा महबूब जो मेरे साथ तो रहता है परंतु संग नहीं होता। पहलगाम टेरर अटैक के पीछे भी अकेला पाकिस्तान नजर नहीं आ रहा है । अब लगने लगा है कि यह भी एक इंटरनेशनल साजिश है जिसमें एक दो नहीं कई देश शामिल हो सकते हैं। यह वह देश हो सकते हैं जिन्हें भारत की प्रगति और कश्मीर में बदल रहे हालात और मजबूत हो रही अर्थव्यवस्था से ईर्ष्या है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारतीय जनता पार्टी और सरकार में बैठे लोगों को यह बात आज समझ में आ गई होगी कि डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी ताजपोशी के वक्त नरेंद्र मोदी को क्यों नहीं बुलाया था। इसका एक मकसद पाकिस्तान को खुश करना भी हो सकता है।
यह भी समझने की बात है कि एक तरफ पाकिस्तान टेलीफोन करने की पहल करके भारत से युद्ध विराम की अपील करता है दूसरी तरफ उसकी फौज सीजफायर की घोषणा के बावजूद देर रात तक इसका उल्लंघन करने का दुस्साहस कर रही होती है तो क्या यह सोच लेना गलत है कि दाल में कुछ काला जरूर है। समझने की बात यह भी है कि फुटबॉल में हवा भरी गई है तभी वह उछल रही है कूद रही है। जहां पाकिस्तान के लिए सीजफायर का फैसला जान बची और लाखों पाने जैसा था वही वह बच जाने का मौका पाने के बाद भी गोलीबारी जारी रखने का दुस्साहस कर रहा था तो इसे सहज ही समझ लेना चाहिए। पाकिस्तान बेशक भूखा मर रहा है लेकिन भारत से लड़ने के मामले में उसकी कमर कमजोर नहीं है। बल्कि सच्चाई यह है कि जिस डोनाल्ड ट्रंप को पीएम मोदी अपना दोस्त बताते हैं वह पाकिस्तान के साथ मिलकर साजिश करने की भूमिका में नजर आने लगा है। लोग मानने लगे हैं कि दोस्त तो वह न मोदी का है ना इंडिया का ना पाकिस्तान का। लगता है उसका मकसद कश्मीर को अपना अड्डा बनाकर कई बड़े देशों पर दबाव बनाना है।
इसे आज समझ ले या कल,अब डंके की चोट पर यह कहा जा सकता है कि सारे झगड़े की जड़ वहीं अमेरिका है जो भारत-पाकिस्तान के मसले को अमेरिका में बैठकर ही हल करने और खुद को तीस मार खां, निर्णायक और चौधरी साबित करने की कोशिश में लगा हुआ है। उसने तो यह संकेत भी दे दिया है कि उसकी नजर जम्मू कश्मीर के मसले पर है और शायद वह जम्मू कश्मीर को अपना अड्डा बनाना चाहता है। पाकिस्तान को ऐसे वक्त पर लोन दिया गया है जब वह इसका दुरुपयोग कर सकता है। भारत इस बात की वकालत भी नहीं कर पाया कि इस तरह लोन देना बंदर के हाथ में उस्तरा पकड़ाने जैसा है।
इन परिस्थितियों में मशहूर शायर बशीर बद्र की यह पंक्तियां बड़ी व्यावहारिक नजर आ रही है जिस कहा गया है कि,
“कोई हाथ भी ना मिलाएगा जो यूं मिलोगे तपाक से, यह दिलजलों का शहर है जरा फासले से मिला करो”।
आज नरेंद्र मोदी की सबसे बड़ी अग्नि परीक्षा का वक्त है । स्थिति कुछ इस तरह की बन रही है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अटल बिहारी वाजपेई और इंदिरा गांधी बनना पड़ेगा नहीं तो फिर वह देश की जनता से आंख से आंख मिलाकर बात नहीं कर पाएंगे।
इंदिरा गांधी ने कब और क्या किया था इसे याद करने की जरूरत है।

दिसंबर 1971 की सर्दी का दूसरा सप्ताह था। अमेरिकी के तत्कालीन राष्ट्रपति निक्सन और विदेश मंत्री किसिंजर की जोड़ी ने अमेरिकी सातवें बेड़े की एक परमाणु-संचालित और परमाणु हथियारों से लैस नौसैनिक टास्क फोर्स को बंगाल की खाड़ी में भेजा,पर अमेरिका की लगातार चेतावनी और टास्क फोर्स भेजने के बाद भी इंदिरा गांधी बिल्कुल नहीं डरी और ना ठिठकी, महज़ 13 दिनों में ही भारतीय सेना ने ढाका में घुसकर 93 हजार पाकिस्तानी सैनिकों को घुटने और हथियार टेकने के लिए मजबूर कर दिया और 16 दिसंबर 1971 को ढाका में जनरल ए.ए.के. नियाज़ी ने भारतीय सेना के लेफ्टिनेंट जनरल जगजीत सिंह अरोड़ा के समक्ष सरेंडर कर दिया,यह विश्व इतिहास का एक सबसे बड़ा सरेंडर था!
अब बात करते हैं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेई की।
1974 के बाद इन्हीं दिनों में भारत ने लगातार 11 और 13 मई को दो परमाणु परीक्षण करके पूरी दुनियां को चौंका दिया था!11 मई 1998 को राजस्थान पोखरण में परमाणु परीक्षण कर भारत ने पूरी दुनिया को झटका दे दिया था!भारत ने इन परमाणु परीक्षणों को करने में इतनी गोपनीयता बरती थी, कि दुनिया को इसकी कानो कान खबर तक नहीं लगी,तब की अटल बिहारी वाजपेयी सरकार के इस कदम से अमेरिका सहित पूरी दुनिया अचंभित हो गई थी, इस ऑपरेशन को तब के प्रधानमंत्री के वैज्ञानिक सलाहकार और डीआरडीओ के प्रमुख डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के नेतृत्व में पूरा किया गया , जो बाद में देश के राष्ट्रपति बने! 11 और 13 मई, 1998 को राजस्थान के पोखरण परमाणु स्थल पर पांच परमाणु परीक्षण किये गये, यह दूसरा भारतीय परमाणु परीक्षण था. पहला परीक्षण मई 1974 में किया गया था! 11 मई को हुए परमाणु परीक्षण में 15 किलोटन का विखंडन (फिशन) उपकरण और 0.2 किलोटन का सहायक उपकरण शामिल था, इन परमाणु परीक्षण के बाद कई देश भड़क गए थे, इसके बाद जापान और अमेरिका सहित प्रमुख देशों ने भारत के खिलाफ विभिन्न प्रतिबंध लगा दिए थे,पर हमारा देश उन चुनौतियों से उभरकर आया था,सिर्फ इजरायल एक ऐसा देश था जिसने हमारा समर्थन किया था! 11 मई के दिन को तभी प्रौद्योगिक दिवस के रुप में मनाने का फैसला हुआ था,2014 से पहले भी बहुत कुछ हुआ है भारत में , पहला परीक्षण 1974 में और फिर 1998 में और जब किये हैं,हमने जब पूरा संसार खिलाफ हो गया था! अत: वाजपेयी जी के वो शब्द सबको मन में रखने चाहिएं कि कोई ये नहीं कह सकता कि इस देश में पहले कुछ नहीं हुआ, ऐसा कहना इस देश के पुरुषार्थ पर चोट करना होगा!
अब साथ होने की बात कर लीजिए ,पाकिस्तान के साथ खुल्लम-खुल्ला चीन है तुर्की है अजरबेजान है, और भी कई देश हैं और यह भी मान लीजिए कि अमेरिका भी उसके साथ ही है। अब आप सोचिए कि भारत के साथ कौन है एक हो सकता था वह है रूस ।लेकिन रूस खुद लड़ाई में उलझा हुआ है। पाकिस्तान ने अमेरिका की मदद लेकर ऐसी स्थिति पैदा कर दी है कि बांग्लादेश जैसा देश जिसकी स्थापना में भारत की अहम भूमिका है वह भी भारत को ही आंख दिखा रहा है। अब भारत के सामने एक ही विकल्प है वह है देश की जनता की पाकिस्तान को सबक सिखाने की भावना का सम्मान करते रहना और अमेरिका से भी उसकी आंख में आंख डालकर यह संदेश देना कि हम वह कदापि नहीं होने देंगे जिसकी आप योजना बनाकर चल रहे हैं । लेकिन पाकिस्तान है कि वह यह सिद्ध करने में लग गया है कि दूध में मिलकर पानी भी ₹70 किलो बिकता है कोई माने या ना माने आज यह प्रमाणित होता दिख रहा है कि अमेरिका और दूसरी बार राष्ट्रपति बने डोनाल्ड ट्रंप उसकी कमर को थपथपा रहे हैं। इन दोनों के संबंधों पर बहुत पैनी नजर रखने की जरूरत है। अब इंडिया अमेरिका विशेषकर डोनाल्ड ट्रंप को जितना एक्सपोज करेगा उतना ठीक रहेगा।
आपने देखा होगा कि अमेरिका का कोई मंत्री भारत आता है तो वह पाकिस्तान भी जरूर जाता है यदि पाकिस्तान आता है तो फिर इंडिया भी दूर आता है ।
यह सब लंबे समय से एक योजना के तहत हो रहा है। अमेरिका इंटरनेशनल दादागिरी का पर्याय बना हुआ है तो चीन भी साम्राज्यवादी प्रवृत्ति का देश है। अब स्थिति यह है कि भारत इन दोनों के बीच में भी फंस गया है । अब तो ऐसा लगता है कि भारत पर एक कहावत लागू हो सकती है,यह कि,
होनी तो हो कर रहे, अनहोनी ना होय ।
दो पाटन के बीच में साबूत बचा ना कोय।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहो या भारत सरकार ऐसा लगता है इस संघर्ष के दौरान एक बहुत बड़ी गलती कर बैठे हैं जिसका खामियाजा पूरे भारतवर्ष को भुगतना पड़ सकता है।
इन्हीं चिताओं के बीच अब कांग्रेस ने भी सर्व दलीय मीटिंग बुलाने की मांग पर जोर देना शुरू कर दिया है। समक्ष विपक्ष भी इसी विचार का है और संसद का एक आपात सत्र बुलाने की मांग भी की जा रही है। अब स्थिति यह है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की जनता और सारे विपक्ष को विश्वास में लिए बिना कोई फैसला ले लिया तो उसके गंभीर परिणाम सामने आ सकते हैं। अब तो भारत के हुकुमरानों को डोनाल्ड ट्रंप की आंख में आंख डालकर यह कहना होगा कि कश्मीर का मसला भारत और पाकिस्तान के बीच का है इसमें किसी तीसरे का दखल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि दूसरे देशों की बात करें तो केवल मात्र रूस ऐसा देश है जो भारत की मदद कर सकता है या मदद करने की सोच सकता है। अब तो कई मुस्लिम देश न चाहते हुए भी पाकिस्तान की मदद में सामने आ सकते हैं। भारतवर्ष के समक्ष अब कई बड़ी चुनौतियां आ खड़ी हुई है। इस मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को यह साबित करना पड़ेगा कि वास्तव में उनमें देश को बचाने, चलाने और कूटनीतिक तौर पर संकटों से पार पाने की काबिलियत है। वह अब पीओके पर कब्जा करने की हिम्मत लूटने वाला है। लेकिन विपरीत परिस्थितियों में भारत के लोग एक होना जानते हैं ।उन्हें विश्वास में लिया जाना बहुत जरूरी है।
अंत में एक बात जरूर कहनी पड़ेगी कि माचिस के दाम नहीं बढ़ते ।वह काफी समय से₹1 पर ही अटकी हुई है मतलब साफ है कि आग लगाने वालों की कीमत कभी नहीं बढ़ती।
