दक्ष दर्पण समाचार सेवा
फगवाड़ा, 14 अप्रैल (शिव कौड़ा) भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य एवं वरिष्ठ नेता हरजीत सिंह ग्रेवाल ने आम आदमी पार्टी के पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत बैंस द्वारा लगाए गए आरोपों के संबंध में मीडिया द्वारा पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए आरोपों को सिरे से नकारते हुए कहा कि ये लोग दिल्ली में आम आदमी पार्टी की करारी हार से घबरा गए हैं। आम आदमी पार्टी के नेता पहले भी अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए भाजपा पर आरोप लगाते रहे हैं, यह कोई नई बात नहीं है। जब इनसे सबूत मांगे जाते हैं तो ये लोग अपना चेहरा छिपाने लगते हैं। ग्रेवाल ने कहा कि अगर आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की जनता के विकास के लिए कुछ किया होता तो दिल्ली की जनता उन्हें सत्ता से बाहर का रास्ता नहीं दिखाती। दिल्ली की आम आदमी पार्टी की केजरीवाल सरकार ने अपने शासनकाल में दिल्ली की जनता से केवल झूठ बोला तथा शिक्षा नीति सहित उसकी अन्य नीतियां केवल दिखावा मात्र थीं, जिसे दिल्ली की जनता ने समझा तथा उन्हें सत्ता से हटाकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा देश हित में लिए गए निर्णायक निर्णयों तथा जमीनी स्तर पर क्रियान्वित की गई ठोस नीतियों पर अपना विश्वास व्यक्त किया तथा दिल्ली की सत्ता भारतीय जनता पार्टी को सौंपी। अब दिल्ली की जनता ने पहले दिन से ही भाजपा की रेखा गुप्ता सरकार द्वारा दिल्ली में किए गए विकास कार्यों को अपनी आंखों से देखना शुरू कर दिया है और यह सफर आगे भी जारी रहेगा।

