
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
कैथल (कृष्ण प्रजापति): प्रधानमंत्री आवास योजना का उद्देश्य गरीब और जरूरतमंद परिवारों को मकान उपलब्ध कराना है, लेकिन ढांड खंड के बरोट गांव की एक पात्र महिला आज भी इस योजना के लाभ से वंचित है। विधवा महिला उर्मिला ने कई वर्षों से योजना के तहत आवेदन किया हुआ है, लेकिन अब तक उसे पक्का मकान नहीं मिल पाया।
ग्रामीणों ने बताया कि कुछ समय पहले उर्मिला के मकान की छत गिर गई थी, जिसके बाद से वह किराए के मकान में रहने को मजबूर है। आर्थिक तंगी के कारण वह स्वयं नया मकान बनवाने में असमर्थ है। ग्रामीणों और पड़ोसियों का कहना है कि उर्मिला इस योजना के लिए पूरी तरह पात्र है, फिर भी उसे अब तक इसका लाभ नहीं मिल सका है।

ग्रामीणों ने किया प्रशासन से सर्वे की मांग
ग्रामीणों ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला उपायुक्त प्रीति से हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को जमीनी स्तर पर सही सर्वेक्षण कराना चाहिए, ताकि पात्र परिवारों को सरकारी योजना का लाभ मिल सके। ग्रामीणों का कहना है कि जिनके पास पहले से मकान हैं, वे तो योजना का लाभ उठा चुके हैं, लेकिन असली जरूरतमंद आज भी दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर हैं।
‘बिना छत के महिला को मिले आश्रय’
बरोट गांव के निवासियों का कहना है कि उर्मिला जैसी जरूरतमंद महिला को सरकार जल्द से जल्द मकान उपलब्ध कराए। ग्रामीणों ने प्रशासन से अपील की कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को प्राथमिकता दी जाए, ताकि कोई भी बेघर न रहे।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में कब तक ठोस कार्रवाई करता है और जरूरतमंद को उसका हक कब मिलता है।
