दक्ष दर्पण समाचार सेवा
चण्डीगढ़।
सोनीपत नगर निगम के मेयर के उप चुनाव में रोचक मुकाबला देखने को मिल सकता है। क्योंकि जहां सत्तारुढ़ भारतीय जनता पार्टी ने एक बार फिर सोशल इंजीनियरिंग के फार्मूले को अप्लाई करने की कोशिश की है और एक कूटनीतिक ही नहीं राजनीतिक फैसला भी लिया है । भाजपा के उम्मीदवार हैं राजीव जैन। श्री जैन को भी जीवन में पहली जीत की अपेक्षा है। इससे पहले उन्होंने विधानसभा का चुनाव भी लड़ा है।

Rajiv jain BJP
वहीं कांग्रेस ने भी स्थानीय अपेक्षाओं को मध्य नजर रखते हुए अपना सबसे मजबूत उम्मीदवार मैदान में उतार दिया है।
आपको बता दें कि हरियाणा में केवल तीन ऐसे नेता हुए हैं जो लगातार दो बार निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में विधानसभा का चुनाव जीतने में सफल हुए हैं।
एक बार तो लोग किसी व्यक्ति को निर्दलीय चुनाव जीत देते हैं लेकिन ऐसा बार-बार आमतौर पर नहीं होता। लगातार दो बार निर्दलीय विधायक बने इन तीन नेताओं में एक थे देवराज दीवान (सोनीपत)। वह 1996 व 2000 में लगातार दो बार सोनीपत से निर्दलीय विधायक बने ।कांग्रेस ने देवराज दीवान के ही पुत्र कमल दीवान को मेयर के उम्मीदवार के रूप में चुनाव मैदान में उतारा है।

Kamal deewan (Congress)
कांग्रेस के नेता पहले ही यह मानकर चल रहे थे कि भारतीय जनता पार्टी ने यदि किसी अग्रवाल को मैदान में लाने का फैसला किया तो उनका उम्मीदवार पंजाबी समुदाय से होगा। आप जानते हैं कि भारतीय जनता पार्टी ने मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार रह चुके राजीव जैन को टिकट दिया है। एक तरफ जहां राजीव जैन सत्तारुढ़ भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार हैं वहीं कांग्रेस के उम्मीदवार यहां के निर्णायक मतदाता पंजाबियों का प्रतिनिधित्व करते हैं। यहां महत्वपूर्ण सवाल यह है कि भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने यह समझकर राजीव जैन को मैदान में उतारा है कि यहां अग्रवाल समाज के मतदाता उम्मीदवार के नाम पर वोट देंगे वही पंजाबी मतदाता विधायक के प्रभाव के कारण भाजपा को वोट देंगे क्योंकि भाजपा विधायक निखिल मतदान भी पंजाबी हैं। भाजपा को लगता है कि इसी से जीत सुनिश्चित हो जाएगी। भाजपा उम्मीदवार के साथ प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली की प्रतिष्ठा भी जुड़ी हुई है। उधर कांग्रेस यह मानकर चल रही है कि उम्मीदवार कमल दीवान अकेले मजबूत पंजाबी उम्मीदवार हैं वहीं उन्हें पूर्व विधायक के पुत्र होने का लाभ भी मिलेगा। कांग्रेस सोनीपत में पहले भी मेयर का चुनाव जीत चुकी है। आज जो भाजपा के विधायक हैं वही पिछले चुनाव में कांग्रेस के मेयर उम्मीदवार थे। कांग्रेस के उम्मीदवार को किसी तरह से भी कमजोर उम्मीदवार नहीं माना जा सकता ।सोनीपत में भारतीय जनता पार्टी को पंजाबियों में अपनी परिसंपत्ति को संभाल कर रखना पड़ सकता है। इसके अलावा भी भाजपा को कई अप्रत्याशित सावधानियां अवश्य बरतनी पड़ सकती हैं। यहां भारतीय जनता पार्टी को ओवर कॉन्फिडेंट होकर चलना महंगा पड़ सकता है। कुल मिलाकर सोनीपत में रोचक मुकाबला देखने को मिलने वाला है। सोनीपत में आम आदमी पार्टी ने भी उम्मीदवार के नाम की घोषणा कर दी है पिछले विधानसभा के चुनाव में आम आदमी पार्टी की टिकट पर चुनाव लड़ चुके कमलेश सैनी ही मेयर के चुनाव में आम आदमी पार्टी के चेहरे हैं। वह चुनाव जीतने की स्थिति में तो नहीं नजर आ रहे लेकिन निर्णायक जरूर हो सकते हैं ।आज यह माना जा रहा है कि वह भारतीय जनता पार्टी के वोट बैंक में ही सेंध लगाने की स्थिति में है।
