
@ दक्ष दर्पण
नई दिल्ली।
राजस्थान के अलवर से संबंधित एक ट्रक ड्राइवर 2002 में तेल से भरा ट्रक लेकर निकाला था। रास्ते में उसका ट्रक लूट लिया गया उसके बाद चालक का कोई अता-पता नहीं चल पाया था। परिजनों ने मान लिया कि इतने दिन तक लौटकर नहीं आने का अर्थ यही है कि वह जीवित नहीं है ।नहीं तो वह किसी हाल में भी होता तो घर आ जाता ।लेकिन 22 साल बीतने के बाद अचानक एक वीडियो ने उस गुमशुदा चालक को परिवार से मिलाने का काम कर दिया। इस मामले में खास बात यह है कि परिजनों ने वीडियो में उसे 22 साल बाद भी पहचान लिया ।वह उत्तर प्रदेश के लखीमपुर जिले में फटेहाल स्थिति में भिखारी जैसी जिंदगी जी रहा था। परिवार ने उसे तलाश करने के लिए पुलिस की मदद भी ली। इस मामले में खास बात यह सामने आई कि गाड़ी लूटने की घटना के बाद चालक हसन दीन का मानसिक संतुलन बिगड़ गया और उसकी याददाश्त जाती रही।
मामला खैरथल के दांतला गांव का है। इस गांव का हसन दीन नाम का व्यक्ति गांव से ट्रक लेकर उसमें तेल भरकर कोलकाता के लिए रवाना हुआ था। यह मामला 2002 का है। रास्ते में उसके ट्रक को बदमाशों ने लूट लिया था। उसके बाद क्या हुआ किसी को कुछ पता नहीं। बात यह सामने आई है कि हसन अपनी याददाश्त खो बैठा और बदहवासी की हालत में यूपी में घूमता फिरता था। हसन दीन की उसके घर वालों ने हर जगह तलाश की, लेकिन उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई।
एकाएक कुछ दिन पहले एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। यह वीडियो हसन दीन के परिजनों और रिश्तेदारों तक भी पहुंच गया। परिजनों ने उसमें हसन दीन को पहचान लिया। वीडियो के आधार पर पता लगाते हुए हसन दीन के परिजन हरदोई और लखीमपुर पहुंचे। पुलिस की सहायता भी ली गई और अंततः परिजनों ने 22 साल से बिछड़े हसन दीन को खोज लिया। परिवार के लोग उसे अपने घर ले आये। हसन दीन की पत्नी मैमूना ने बताया कि 22 साल पहले वह तेल की गाड़ी लेकर गए थे और उसके बाद वापस नहीं लौटे। घरवालों को लगता था कि वह अब जीवित नहीं है। हसन दीन के दो बेटे इमरान ओर अजहरुद्दीन भी ट्रक ड्राइवर है, दो बेटियां हैं उनकी शादी हो चुकी है।
