
फतह सिंह उजाला
@ दक्ष दर्पण
गुरुग्राम 15 जनवरी । विकास अरोड़ा , पुलिस आयुक्त, गुरुग्राम के निर्देशानुसार तथा विरेंद्र विज , पुलिस उपायुक्त यातायात, गुरुग्राम की देखरेख में 01. जनवरी से 14. जनवरी तक गुरुग्राम पुलिस द्वारा गलत दिशा में चलने वाले/रॉन्ग साईड वाहन चालकों पर लगाम लगाने के उद्देश्य से प्रभावी कार्यवाही की गई।
गलत दिशा/रॉन्ग साईड में वाहन चलाने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही करने के लिए गुरुग्राम पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाकर व नियमित रूप से विभिन्न स्थानों पर वाहनों की चैकिंग की गई, चैकिंग के दौरान गलत दिशा/रॉन्ग साईड में वाहन चलाते पाए गए वाहन चालकों के नियमानुसार चालान किए गए। गुरुग्राम पुलिस द्वारा 01. जनवरी से 14. जनवरी तक गलत दिशा/रॉन्ग साईड वाहन चलाते पाए गए कुल 4390 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर-व्हीकल अधिनियम के तहत नियमानुसार चालान किए गए, जिनकी कुल जुर्माना राशि 24 लाख 90 हजार रुपए है।
जिला पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक गुरुग्राम पुलिस का मुख्य उद्देश्य यातायात का संचालन व्यवस्थित व सुचारू रूप से कराते हुए सफर को सुगम व सुरक्षित बनाना है। यातायात के सुचारू, सुगम व व्यवस्थित संचालन के लिए गुरुग्राम पुलिस द्वारा यातायात की अवहेलना करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्यवाही की जाती है। इसके अतिरिक्त गुरुग्राम पुलिस द्वारा समय-समय पर लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को यातायात नियमों के बारे में जानकारी देकर उन्हें यातायात नियमों की पालना करने के लिए प्रेरित किया जाता है तथा इस दौरान लोगों को यह भी बताया जाता है कि यातायात नियमों की अवहेलना करने पर उनके खिलाफ कानून के अनुसार किस प्रकार की सजा/जुर्माने का प्रवधान है।गुरुग्राम पुलिस सभी वाहन चालकों/ रोड़ यूजर्स से अपील करती है कि यातायात नियमों की पालना करना सुनिश्चित करें, ताकि सड़क दुर्घटना से बचा जा सके और जान माल की हानि ना हो व यातायात का संचालन सुचारू, सुगम व व्यवस्थित रहे। गुरुग्राम पुलिस आपकी सेवा में सदैव (24X7) तत्पर है।
