
मनोहर लाल केंद्रीय ऊर्जा मंत्री।
धर्मपाल वर्मा
dakshdarpan2024@gmail.com
@ दक्ष दर्पण
नई दिल्ली।
दिल्ली में और राष्ट्रीय राजनीति में हरियाणा का योगदान और भूमिका हमेशा से ही निर्णायक और महत्वपूर्ण रही है। हरियाणा छोटा सा प्रदेश है और केंद्रीय मंत्रिमंडल के गठन के समय अकेले हरियाणा के तीन या चार मंत्री लगभग हर बार बनते रहे हैं । देखा जाए तो इस समय भी चार केंद्रीय मंत्री हरियाणा से ताल्लुक रखने वाले हैं। कांग्रेस की बात करें तो इस समय पार्टी संगठन में दो नेता कुमारी शैलजा और रणदीप सिंह सुरजेवाला राष्ट्रीय महासचिव की भूमिका में है। रणदीप सिंह सुरजेवाला कांग्रेस के मीडिया के राष्ट्रीय प्रभारी रहे हैं।
इस मामले में भारतीय जनता पार्टी और भी आगे जाने वाली है । कांग्रेस का कोई भी नेता आज तक पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष नहीं बन पाया है लेकिन भारतीय जनता पार्टी हरियाणा मूल के एक नेता को यह महत्वपूर्ण रुतबा देने की तैयारी में है। इस दौड़ में जिन दो नेताओं के नाम प्रमुखता से लिए जा रहे हैं वह दोनों हरियाणा से ताल्लुक रखने वाले हैं। फर्क है तो उम्र का ।देखना यह है कि 70 वर्ष की उम्र तक के नेता का नंबर आएगा या फिर 55 साल वाले का। दोनों केंद्रीय मंत्री हैं।

भूपेंद्र यादव केंद्रीय पर्यावरण एवं वन मंत्री।
अब नाम बताते हैं एक हैं ।मनोहर लाल दूसरे हैं भूपेंद्र यादव। यदि उम्र के 70 वर्ष तक की सीमा स्वीकार्य हुई तो मनोहर लाल भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनेंगे और यदि 60 वर्ष से कम की बात आई तो भूपेंद्र यादव। दोनों के दोनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विश्वास पात्र हैं। मनोहर लाल को जब मुख्यमंत्री के पद से त्यागपत्र देने को कहा गया तब भी यह चर्चा आम थी कि मनोहर लाल पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जा सकते हैं। मनोहर लाल ने विधानसभा में कहा था कि पार्टी ने उन्हें यह कहते हुए त्यागपत्र देने को कहा था कि अब उन्हें और बड़ी जिम्मेदारी दी जानी है। मनोहर लाल केंद्र में मंत्री के रूप में भी बड़ी जिम्मेदारी को निभा रहे हैं लेकिन सूत्र बता रहे हैं कि वह जल्दी ही पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने वाले हैं। उम्र के हिसाब से कोई फैसला हुआ तो भूपेंद्र यादव का भी नंबर भी आ सकता है। इस समय भारतीय जनता पार्टी का सदस्यता अभियान चल रहा है और बताया जा रहा है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का फैसला बहुत जल्दी हो सकता है। ऐसा हुआ तो हरियाणा के लिए यह फैसला बहुत महत्वपूर्ण होगा। सूत्र बता रहे हैं कि रेखा शर्मा जिन्हें राज्यसभा भेजा जा रहा है आने वाले समय में हरियाणा की राजनीति में बहुत बड़ी भूमिका में भी देखी जा सकती हैं।
