
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
करनाल। कांग्रेस के करनाल जिला संयोजक त्रिलोचन सिंह ने दावा करते हुए कहा है कि करनाल जिला की सभी पांच विधानसभा सीटों पर कांग्रेस के प्रत्याशी बहुमत से जीत दर्ज करेंगे। करनाल में सुमिता सिंह रिकार्ड तोड़ मतों से जीत दर्ज कर तीसरी बार विधायक बनेंगी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने 10 सालों में हरियाणा की जनता को महंगाई, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी के दलदल में फंसाने का काम किया। अपराध करने के लिए बदमाशों को संरक्षण दिया गया। सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग किया। त्रिलोचन सिंह ने कहा कि करनाल के लोगों के साथ पहले मनोहर लाल और फिर नायब सिंह सैनी ने वादाखिलाफी की। जब जवाब देने का समय आया तो दोनों पूर्व मुख्यमंत्री दिखाई देना बंद हो गए। कांग्रेस प्रत्याशी सुमिता सिंह के साथ डोर टू डोर प्रचार के दौरान त्रिलोचन सिंह ने कहा कि कल्पना चावला मेडिकल कालेज दलालों के चंगुल में फंसा है। स्मार्ट सिटी के नाम पर हजार करोड़ रुपए का घोटाला किया गया। कानून व्यवस्था का कर्ण नगरी में दिवाला पिट चुका है। किसान, कर्मचारी, मजदूर और व्यापारी सभी भाजपा से दुखी हैं। अपने आप को ठगा सा महसूस कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से आह्वान करते हुए कहा कि अपने परिवार, समाज और प्रदेश की खुशहाली के लिए कांग्रेस की सरकार बनाएं। कांग्रेस सरकार बनने पर छह हजार रुपए पेंशन दी जाएगी। ओल्ड पेंशन स्कीम लागू होगी। रसोई गैस सिलेंडर 500 रुपए में उपलब्ध होगा। बिजली 300 यूनिट फ्री दी जाएगी।
