
डीपी वर्मा
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
कालका। कालका विधानसभा क्षेत्र मुख्य तौर पर कांग्रेस का गढ़ माना जाता रहा है।
अब तक हुए 14 चुनाव में सात बार कांग्रेस चुनाव जीतने में सफल हुई है। यहां एक उम्मीदवार दो बार निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में सफल हुआ । इसके अलावा यहां लोकदल, इंडियन नेशनल, और जनता पार्टी के उम्मीदवार भी विधायक बने हैं ।कांग्रेस की 2014 के चुनाव में जमानत जरूर जप्त हुई लेकिन इसके अलावा हर चुनाव में कांग्रेस हार की स्थिति में भी सम्मानजनक वोट बटोरती रही है। 2014 में कालका में पहली बार कमल खिला परंतु 2019 के चुनाव में कांग्रेस ने फिर रिकवरी की और प्रदीप चौधरी जो इंडियन नेशनल लोकदल छोड़कर आए थे कांग्रेस की टिकट पर विधायक बने। अब लोकसभा के चुनाव में कालका विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार को लगभग 10000 मतों की बढ़त मिली थी परंतु अब विधानसभा में 2014 की तरह चुनाव जीतने को भाजपा के लिए बहुत बड़ी चुनौती के रूप में देखा जा रहा है। बेशक भारतीय जनता पार्टी ने उम्मीदवार बदल दिया है परंतु नई उम्मीदवार के लिए चुनाव की डगर आसान नहीं है। यहां कांग्रेस को कई महत्वपूर्ण लाभ मिलते नजर आ रहे हैं। एक तो यही कि कांग्रेस उम्मीदवार स्थानीय ही नहीं इस विधानसभा क्षेत्र से कई चुनाव लड़ चुका है। इसके अलावा इस समय पूरे प्रदेश में कांग्रेस का एक स्विंग महसूस किया जा रहा है इसका असर कालका में भी देखने को मिल रहा है।

यदि लोकसभा चुनाव की बात करें तो तो उसकी तुलना विधानसभा से नहीं की जा सकती । आप समझ सकते हैं कि 2019 में कांग्रेस ने लोकसभा के चुनाव में 10 में से एक भी सीट नहीं जीती थी लेकिन जब 6 महीने बाद विधानसभा के चुनाव हुए तो कांग्रेस के 31 विधायक जीतकर आए। 2019 में अंबाला लोकसभा क्षेत्र के चुनाव में कालका से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार को मौजूदा चुनाव से भी ज्यादा लीड मिली थी लेकिन विधानसभा के चुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवार प्रदीप चौधरी 5000 से ज्यादा मतों से जीत गए। देखा जाए तो 2024 के आज के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की स्थिति मजबूत नहीं मानी जा रही ।ऐसे में इन परिस्थितियों का लाभ कांग्रेस को मिलता दिख रहा है। भारतीय जनता पार्टी के लिए सबसे बड़ी चुनौती तो यह है कि आम आदमी जहां भारतीय जनता पार्टी की चर्चा तक करने से भी बचता दिख रहा है वही विशेषज्ञ मानकर चल रहे हैं कि वह यह राय भी बना चुका है कि हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है ।मतलब साफ है कि लोग लोकसभा की तरह विधानसभा का चुनाव भी खुद लड़ने की कोशिश कर सकते है। मौजूदा भाजपा उम्मीदवार 2014 में कालका से चुनाव लड़ चुकी है। इस बीच लगभग 10 साल उनकी कालका विधानसभा क्षेत्र में किसी तरह की पॉलिटिकल एक्सरसाइज देखने को नहीं मिली।
कुल मिलाकर कालका में कस्बो को छोड़ दें तो सब जगह कांग्रेस का चुनाव प्लस नजर आ रहा है और चुनाव प्रबंधन की उचित व्यवस्था न होने और सच्चाई से अनभिज्ञ रहने के कारण भाजपा उम्मीदवार को चुनाव के अंतिम दौर में पसीने छूट सकते हैं। जानकारी के अनुसार भाजपा उम्मीदवार की एक दिक्कत यह है कि उनके पास विश्वसनीय स्थानीय सहयोगियों का भारी अभाव है और कई शातिर दिमाग लोग निज हित के लिए इस तरह से काम में लग गए हैं कि वह कर्मठ और ईमानदार लोगों को आगे ही नहीं आने दे रहे।
केवल पैसे के दम पर चुनाव जीतने की कोशिश राजनीतिक समझदारी नहीं कहीं जा सकती। बताया जा रहा है कि पूर्व विधायक और टिकट की दावेदार लतिका शर्मा के जो विश्वसनीय लोग हैं वह किसी कीमत पर भी मौजूदा भाजपा उम्मीदवार की मदद नहीं करना चाहते। प्रतिकूल परिस्थिति, चापलूस स्वार्थी और चालबाज लोगो का उम्मीदवार के इर्द-गिर्द घूमना उनके द्वारा चुनाव को हाईजैक करने की कोशिश करना लोगों की नजर में है। यहां लोग चुनाव, उम्मीदवार, हार जीत और लोगों की कारगुजारियों पर पैनी नजर रख कर चल रहे हैं ।और राजनीतिक विश्लेषकों ने यह समझ लिया है कि कई कारण ऐसे हैं कि भाजपा की उम्मीदवार को चुनाव में पसीने छूटने वाले हैं। उसे कांग्रेस और उसके उम्मीदवार को कमजोर मान कर नहीं चलना चाहिए।
कांग्रेस की सरकार बनने के आसार हैं। ऐसे में कांग्रेस का कोई सिटिंग एमएलए चुनाव नहीं जीत पाएगा तो उसके लिए अगली राजनीति बहुत कठिन हो जाएगी ।ऐसे में कालका के भाजपा की उम्मीदवार ने वास्तविकता के धरातल पर रहकर चुनाव नहीं लड़ा तो कालका में भारतीय जनता पार्टी की रिकवरी संभव नहीं हो पाएगी।
पाठकों को बता दें कि 2019 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवार प्रदीप चौधरी को कुल 57,948 वोट मिले थे. वहीं, दूसरे नंबर पर रहने वाली बीजेपी उम्मीदवार लतिका शर्मा को 52,017 वोट मिले थे. इन दोनों के बीच में जीत और हार के बीच अंतर महज 5,931 वोटों का था. चुनाव में इस सीट पर 1,28,031 वोट पड़े थे. कांग्रेस उम्मीदवार को 45.26 फीसदी तो दूसरे नंबर पर रहने वाली बीजेपी उम्मीदवार को 40.63 फीसदी वोट मिले थे। कालका से भाजपा की मौजूदा उम्मीदवार को जीत के लिए लगभग 48% वोट लेना जरूरी होगा। उसकी स्थिति कस्बों में अपेक्षाकृत ठीक है लेकिन देहात में कांग्रेस काफी मजबूत नजर आ रही है।
यह है जातीय समीकरण।
इस सीट पर जातीय समीकरण की चर्चा करें तो यहां अनुसूचित जातियों की आबादी 19.33 फीसदी के आसपास है. 2019 में सीट पर कुल वोटरों की संख्या 1,76,698 थी. इसमें 93454 पुरुष और 83235 महिला वोटर थे. 12 वोटर थर्ड जेंडर के भी थे. इससे पहले 2014 के विधानसभा चुनाव कुल वोटरों की संख्या 157064 थी जिनमें सेक्स 83776 पुरुष, 73288 महिला वोटर शामिल थे. 2009 में सीट पर कुल वोटरों की संख्या 122579 थी।
कालका में ब्राह्मण और गुर्जर का भरोसा जरूरी: कालका विधानसभा क्षेत्र में कुल 2,00,297 मतदाता हैं. इनमें से 1,04,426 पुरूष और 95853 महिला मतदाता हैं. जबकि 18 थर्ड जेंडर वोटर हैं. लेकिन इस क्षेत्र में सबसे अधिक मतदाता ब्राह्मण और दूसरे नंबर पर गुर्जर हैं. हालांकि इनके अलावा अनुसूचित जाति, राजपूत, महाजन, पंजाबी और सैनी, लबाना व मुस्लिम मतदाता भी हैं. भाजपा और कांग्रेस के उम्मीदवार को जीत के लिए इस जातीय समीकरण का भरोसा जीतना अति आवश्यक है।
