
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
चण्डीगढ़।
पहले खबर थी कि हरियाणा में चुनाव में भारतीय जनता पार्टी टिकट देर से बांटेगी । बताया जा रहा था कि पार्टी ने यह नीतिगत फैसला लिया है कि कांग्रेस की टिकटें बंटने के बाद ही उम्मीदवारों की सूची जारी की जाए। देखा जाए तो भाजपा के लिए यह उचित नहीं था और अब पार्टी ने इस पर पुनः विचार करते हुए यह फैसला कर लिया है कि सप्ताह तक उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी जाए। जिसमें 20 से 25 नाम हो सकते हैं। यह नाम वह होंगे जिनकी जीतने की संभावना सबसे ज्यादा है ।उसके बाद पार्टी अगस्त महीने के अंतिम सप्ताह में एक और सूची जारी करेगी जिसमें इससे भी ज्यादा नाम हो सकते हैं। अंतिम सूची उसके एक सप्ताह बाद जारी करने की योजना बताई गई है। लेकिन एक बात सामने जरूर आ रही है कि पार्टी कुछ मौजूदा मंत्रियों और विधायकों की टिकटों पर कैंची चलाने की योजना को अंतिम रूप दे चुकी है। सोनीपत जिले से एक, अंबाला से एक, अहिरवाल क्षेत्र से तीन, हिसार से एक, पलवल जिले से एक, फरीदाबाद से एक, गुरुग्राम से एक, कैथल जिले से एक सिटिंग एमएलए की टिकट काटने की योजना बताई गई है। प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली अपने विधानसभा क्षेत्र राई से ही चुनाव लड़ने वाले हैं जबकि मुख्यमंत्री कहां से लड़ेंगे अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। मुख्यमंत्री खुद कहते हैं कि इस बात का फैसला हाई कमान को करना है ।लेकिन वह लाडवा या करनाल में से किसी एक सीट से चुनाव लड़ सकते हैं। लेकिन अपने गृह क्षेत्र नारायणगढ़ से उनका चुनाव लड़ने का कोई इरादा नहीं बताया गया है।
