
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
कालका 18 अगस्त
आम आदमी पार्टी की हरियाणा इकाई के अध्यक्ष पूर्व सांसद डॉ सुशील गुप्ता ने कहा है कि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में शानदार प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र लोकसभा के चुनाव में आम आदमी पार्टी का प्रदर्शन यह साबित करने के लिए पर्याप्त है कि वह बसपा इनेलो और जननायक जनता पार्टी जैसे दलों को पीछे छोड़कर लंबे समय तक हरियाणा में सत्ता में रहे भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बराबर आ खड़ी हुई है।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी हरियाणा में सत्ता में आने के बाद अपने किए गए सभी वादों पर उसी तरह खरा उतरेगी जैसे उसने पंजाब और दिल्ली में करके दिखाया है। उन्होंने बताया कि पार्टी में कांग्रेस और भाजपा से भी हर रोज नए लोग शामिल हो रहे हैं। उन्होंने दोहराया कि हम सत्ता में आने पर हरियाणा में अच्छे स्कूल बनाएंगे, अच्छे अस्पताल बनाएंगे, महिलाओं को ₹1000 महीना सहयोग देंगे, कानून व्यवस्था को मजबूत करेंगे और युवाओं के लिए रोजगार की व्यवस्था करेंगे। उन्होंने कहा कि हम जाति पाती या धर्म की राजनीति नहीं करते बल्कि मुद्दों के दम पर जनता का दिल जीतने का काम करते आए हैं ।श्री गुप्ता पिंजौर में कालका विधानसभा क्षेत्र के पार्टी के नेता ओमप्रकाश गुर्जर के कार्यालय का उद्घाटन करने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि यद्यपि सतलुज यमुना लिंक नहर मसला सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है लेकिन वह यह बात जरूर कहेंगे कि इस विवाद को सुलझाने का उत्तरदायित्व भारत सरकार का था। यह राज्य सरकारों के अधिकार क्षेत्र का मामला नहीं है उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का जो भी फैसला आएगा उसे आम आदमी पार्टी भी स्वीकार करेगी।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी खुद टिकटों का बंटवारा नहीं करती बल्कि यह काम जनता की इच्छा पर मतलब इसी योग्यता के आधार पर किया जाता है।
उन्होंने कहा कि किसी कारण से भटक कर पार्टी छोड़ गए नेता यदि अरविंद केजरीवाल के प्रति निष्ठा व्यक्त करेंगे तो उन्हें फिर से पार्टी में लेने पर विचार किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण के बाद जिस उम्मीदवार को अधिमान मिलता है उसी को टिकट दे दी जाती है। यही कारण है कि हमारे इन्हीं आम उम्मीदवारों ने बड़े-बड़े नेताओं को हराने का काम किया है । प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कालका में भी उसी व्यक्ति को टिकट दी जाएगी जिसे लोगों का समर्थन प्राप्त होगा।
श्री गुप्ता ने एक सवाल के जवाब में कहा कि विधानसभा के चुनाव में हमारा गठबंधन किसी दल से नहीं आम आदमी मतलब जन सामान्य से है।
इससे पहले श्री गुप्ता ने ओमप्रकाश गुर्जर के पार्टी कार्यालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर ओमप्रकाश गुर्जर ने श्री गुप्ता का स्वागत करते हुए उनका धन्यवाद किया और बताया कि वह 1991 से कालका क्षेत्र में राजनीतिक तौर पर सक्रिय हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी जिस भी उम्मीदवार को मैदान में उतारेगी वह उसका तहे दिल से स्वागत और सहयोग करेंगे। जिला अध्यक्ष श्री रंजीत उप्पल ने प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया और कहा कि वह पार्टी के प्रत्येक फैसले का अनुसरण करेंगे। इस अवसर पर पार्टी के प्रवक्ता और केंद्रीय काउंसिल के सदस्य सुरेंद्र राठी तथा कालका नगर परिषद चुनाव पार्टी के उम्मीदवार घनश्याम टगरा तथा पार्टी के कई नेता भी उपस्थित थे।
