
दक्ष दर्पण समाचार सेवा dakshdarpan2024@gmail.com
चण्डीगढ़।
15 अगस्त को पंचकूला जिले का स्थापना दिवस है। तत्कालीन मुख्यमंत्री चौधरी भजनलाल ने 15 अगस्त 1995 को पंचकूला को पंचकूला को अंबाला से अलग करके नया जिला बनाया था। 2009 तक यहां विधानसभा की कालका के नाम से केवल एक सीट हुआ करती थी । अब पंचकूला सहित दो विधानसभा क्षेत्र हो गए हैं ।अगले विधानसभा चुनाव की बात करें तो हालात कुछ इस तरह के हैं कि यहां दो प्रमुख प्रतिद्वंदी राष्ट्रीय दलों के उम्मीदवारों में कोई फेरबदल होता नजर नहीं आ रहा ।यह अलग बात है कि अन्य राजनीतिक दलों को निश्चित तौर पर नए उम्मीदवार मैदान में उतारने पड़ेंगे।

उम्र और टिकट के मामले में भाजपा के अपवाद हो सकते हैं ज्ञानचंदगुप्ता।
पंचकूला की बात करें तो यहां मौजूदा भाजपा विधायक और हरियाणा विधानसभा के स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता को ही टिकट मिलने के आसार हो रहे हैं। पहले ऐसा अनुमान लगाया जा रहा था कि 75 की उम्र पार कर चुके श्री ज्ञानचंद गुप्ता के नाम पर शायद पार्टी विचार न भी करें लेकिन पिछले दिनों श्री गुप्ता दिल्ली जाकर गृहमंत्री अमित शाह से मिलकर आए हैं ।उसके बाद उनके समर्थकों की राय और श्री गुप्ता का आत्मविश्वास यह बता रहा है कि ज्ञानचंद गुप्ता पंचकूला से लगातार तीसरी बार भाजपा के प्रत्याशी होंगे और वह अपनी जीत की हैट्रिक लगाने की कोशिश भी करेंगे। उधर कांग्रेस भी अपने 2019 के चुनाव के उम्मीदवार चंद्र मोहन की टिकट काटती नजर नहीं आ रही है ।

चंद्र मोहन की टिकट के लिए पूरा जोर लगा सकती है कुमारी शैलजा।
समझा जाता है कि कई कारणों से पार्टी उनकी टिकट काटने की हिम्मत नहीं जुटा पाएगी। यह बात अलग है कि उन्हें पंचकूला से बाहर भी चुनाव लड़ने की पेशकश की गई तो हालात बदल जाएंगे। और इसका लाभ निश्चित तौर पर पंचकूला नगर निगम की प्रथम मेयर कांग्रेस नेत्री उपेंद्र कौर अहलूवालिया को मिल सकता है।
चंद्र मोहन को लेकर कुमारी शैलजा अपनी वीटो पावर तक इस्तेमाल कर सकती है। इसके अलावा पार्टी भी चौधरी भजनलाल के प्रभाव और वोट बैंक के दृष्टिगत चंद्र मोहन की टिकट काटने से बचना चाहेगी। समझ लें कि पार्टी के नेता यह भी दिखाना चाहते हैं कि चौधरी भजनलाल का आधा परिवार कांग्रेस के साथ है।
यह अलग बात है कि चंद्र मोहन की पंचकूला विधानसभा क्षेत्र में स्थिति बहुत मजबूत नहीं है। पार्टी में भी उन्हें कमजोर उम्मीदवार के रूप में भी प्रचारित किया जा रहा है।

फिर एक बार चुनाव में आमने-सामने हो सकते हैं प्रदीप चौधरी और लतिका शर्मा
कांग्रेस सिटिंग गेटिंग के फार्मूले पर काम करने के लिए मशहूर है और आगामी चुनाव में भी कांग्रेस के सिटिंग एमएलए एक बार फिर चुनाव लड़ते नजर आ सकते हैं ।इस दृष्टि से देखा जाए तो कालका विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस के मौजूदा विधायक प्रदीप चौधरी ही कांग्रेस के उम्मीदवार रहने वाले हैं। चुनाव में कांग्रेस पार्टी से उन्हें कितना समर्थन और सहयोग मिलेगा यह तो वक्त बताएगा लेकिन चौधरी की टिकट में ज्यादा दिक्कत पेश आने वाली नहीं है। कालका में ऐसी ही स्थिति भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार पूर्व विधायक लतिका शर्मा की भी है।पार्टी के पास उनसे मजबूत कोई और उम्मीदवार नहीं है ऐसा पार्टी के नेता भी मानकर चलते हैं। लोकसभा के चुनाव में और इससे पहले कालका नगर परिषद के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की जीत लतिका शर्मा के पक्ष में जाती नजर आ रही है। मुख्यमंत्री बदलने के बाद लतिका शर्मा का पक्ष पहले से ज्यादा मजबूत हुआ है।
जहां तक जेजेपी का सवाल है उसे भी किसी नए उम्मीदवार पर दाव खेलना पड़ेगा। यही स्थिति इनेलो बसपा गठबंधन की भी है ऐसे में दो में से एक सीट बसपा को भी दी जा सकती है लेकिन उम्मीदवार नए होंगे इस बात की संभावना साफ नजर आ रही है। जहां तक आम आदमी पार्टी का सवाल है,यहां पार्टी कालका में किसी गुर्जर पर दांव खेल सकती है। पंचकूला में भी आम आदमी पार्टी जिस भी उम्मीदवार को मैदान में उतारेगी निश्चित तौर पर नया होगा, कौन होगा अभी कहना मुश्किल है लेकिन सक्रियता को देखते हुए सुरेंद्र राठी को चुनाव लड़ने का मौका मिल सकता है। दोनों विधानसभा क्षेत्र में मजबूत निर्दलीय उम्मीदवार भी भाग्य आजमाते नजर आएंगे इसके आसार अभी से नजर आ रहे हैं।

