
दक्ष दर्पण समाचार सेवा।
पिंजौर।
एक हरियाणवी कहावत है, आई तीज हो गई बीज। तीज उत्सव के बाद कई ग्रामीण त्योहारों का आगमन होता है। मतलब तीज के उत्सव का हरियाणवी लोक संस्कृति में बहुत महत्व है। सावन के महीने में जहां मौसम खुशगवार होता है वही मानसून में वर्षा ऋतु में स्वाभाविक रूप से ही सबके मन में हर्ष और उल्लास का संचार होता है। तीज ऐसा उत्सव है जिसमें महिलाओं को अपने मायके से मिठाईयां और उपहार प्राप्त होते हैं। मायके से भाई भतीजे या परिवार के लोगों का आगमन होता है। इसलिए महिलाएं इस त्यौहार का भावना पूर्वक इंतजार करती हैं। इससे दो परिवारों के मिलन और संपर्क की अनुभूति को सहज ही महसूस किया जा सकता है। तीज ऐसा उत्सव है इसके बाद हमारे यहां त्योहारों का सिलसिला शुरू हो जाता है और एक के बाद एक कई त्योहारों का आगमन होता है। तीज के अवसर पर महिलाएं किशोर और किशोरियां झूले झूलने का आनंद उठाते हैं।

गांवकी महिलाओं और बच्चों के साथ तीज मनाने पहुंची पार्षद कुलविंदर कौर।
इसी उपलक्ष्य में पिंजौर के निकटवर्ती धमाला गांव में पार्षद कुलविंदर कौर की अध्यक्षता में आज तीज का रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर गांव की महिलाओं ने नए परिधान धारण कर झूला झूलने का आनंद उठाया और लोकगीत गाकर मनोरंजन किया। धमाला कुलविंदर कौर का गांव है।
