
Rao Inderjeet singh
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
चण्डीगढ़।
विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा में मंथन का दौर लगातार जारी है। बीते दिनों दिल्ली में लगातार 2 दिन तक बैठकों का दौर जारी रहा। पहली बैठक आरएसएस व भाजपा नेताओं के बीच रही तो, दूसरी बैठक में भाजपा नेताओं ने विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी चुनावी रणनीति में काफी बदलाव किये । सूत्रों का कहना है कि इस बार भाजपा ने अपनी चुनावी रणनीति में काफी बदलाव किए हैं। भाजपा ने अपनी चुनावी रणनीति में बदलाव करते हुए, भाजपा ने यह निर्णय लिया है कि इस बार कांग्रेस की प्रत्याशियों की सूची जारी होने के बाद भाजपा अपने प्रत्याशियों की सूची जारी करेगी ताकि पार्टी के असंतुष्ट नेता कांग्रेस पार्टी में न जा सके। पार्टी को लगता है कि कांग्रेस से पहले अगर वह प्रत्याशियों की घोषणा करती है तो कुछ असंतुष्ट बड़े नेता कांग्रेस में जाकर पार्टी को कमजोर कर सकते हैं। दूसरा जिन नेताओं को पार्टी ज्वाइन कराना चाहती है, उन्हें टिकट की घोषणा से कुछ दिन पहले ही ज्वाइन कराया जाए जिससे पार्टी में भगदड़ न मच पाये । पार्टी ने इस बार दक्षिण हरियाणा की सभी 11 सीटों पर विशेष फोकस रखा है। पार्टी ने दक्षिणी हरियाणा के कद्दावर नेता राव इंद्रजीत सिंह को 5 सीटों का ऑफर दिया है, जिस पर राव चाहे जिन्हें टिकट दे सकते हैं। इसके साथ-साथ पार्टी ने यह भी निर्णय लिया है कि दक्षिणी हरियाणा की सभी 11 सीटों पर उम्मीदवार तय करते वक्त राव इंद्रजीत सिंह की सहमति भी जरूरी होगी। बिना राव की सहमति से दक्षिणी हरियाणा की 11 सीटों पर उम्मीदवार तय नहीं होंगे। सूत्रों की माने तो इसको लेकर भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव बीएल संतोष व राव इंद्रजीत सिंह के बीच दूरभाष पर सहमति भी बन चुकी है। सूत्रों की माने तो राव को रेवाड़ी, कोसली, पटौदी, अटेली व बादशाहपुर सीट दी गई है, जिस पर राव अपनी पसंद के नेता व समर्थक को चुनाव लड़ा सकते हैं। इसके अलावा दक्षिण हरियाणा की सभी 11 सीटों पर राव की सहमति भी जरूरी होगी। पार्टी किसी भी कीमत पर इस बार राव की नाराजगी मोल नहीं लेना चाहती। पार्टी को इस बात का इल्म है कि बिना राव के दक्षिणी हरियाणा की सभी 11 सीटों पर नैया पार नहीं हो सकती। सूत्रों की माने तो दक्षिणी हरियाणा की कई सीटों पर राव ने अपने खास समर्थकों को भी पैनल में जोड़ा है। इसके साथ-साथ 20 से अधिक ऐसे नेता बताये जा रहे हैं जिनको पार्टी टिकट की घोषणा से कुछ दिन पहले ज्वाइन करायेगी। भाजपा तीसरी बार प्रदेश में काबिज होने के लिए इस बार फूक -फूक कर कदम रख रही है।
पार्टी इस बार भीतर घात को लेकर भी पूरी तरह से सजग है। पार्टी से बगावत करने वाले नेताओं पर समय रहते लगाम कसने की पूरी तैयारी कर ली गई है। पार्टी इस बार जितने वाले चेहरे को ही टिकट देगी। पार्टी ने इस बार एक पैमाना तैयार किया है जिसमें प्रत्याशी की गंभीरता, गुणवत्ता व ग्रुप निडरता को परखा जाएगा। इस कसौटी पर जो खरा उतरेगा उसे ही पार्टी इस बार टिकट देगी।
