
दक्ष दर्पण समाचार सेवा।
नरवाना, 28 जुलाई (नरेन्द्र जेठी) जहां कांग्रेस सरकार मूलभूत सुविधाएं वहनीय दाम पर उपलब्ध करवाने में कारगर साबित हुई वहीं आज भाजपा शासित हरियाणा प्रदेश में दैनिक जरूरत की चीजें आम आदमी की पहुंच से दूर हो चुकी है। यह बात आज पूर्व नरवाना विधानसभा प्रत्याशी रही नेत्री विद्या रानी दनौदा ने गांव खरड़वाल स्थित बगीची में कही। नरवाना विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस नेत्री विद्या रानी दनौदा लोगों को कांग्रेस पार्टी से जोडऩे हेतु जनसंवाद कार्यक्रम में बोल रही थी ।

उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई दर, बेरोजगारी, महिला असुरक्षा जैसी तमाम समस्याओं से आज हमारा प्यारा हरियाणा प्रदेश ग्रसित हो चुका है। अपने सत्ता के अंहकार में आज भाजपा सरकार तानाशाही रवैए को अपना रही है। अब समय आ गया है इस निरंकुश और जनविरोधी नीतियों की सर्वेसर्वा भाजपा को हरियाणा से चलता कर फिर से कल्याणकारी कांग्रेस सरकार को सत्तारूढ़ करने का।उन्होंने महिलाओं की सामाजिक सुरक्षा एवं उनके अधिकारों के पक्ष में आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी के पक्ष में मतदान करने की अपील की। इस मौके पर समस्त ग्रामवासियों ने नेत्री का पगड़ी पहनाकर भव्य स्वागत किया। इस दौरान कांग्रेस नेत्री ने लोकसभा चुनाव में गांव खरड़वाल द्वारा कांग्रेस पार्टी के पक्ष में किए गए भारी मतदान के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस मौके पर साधु राम, भीम सिंह, नसीब सिंह, दिलबाग प्रधान, प्रेम जांगड़ा, बलवान, विनोद, फूल कुमार आदि मौजूद रहे।

नरवाना : गांव खरडवाल में कांग्रेस नेत्री विद्या रानी दनौदा जनसंवाद कार्यक्रम में सम्बोधित करते हुए (छाया : जेठी)
