दक्ष दर्पण समाचार सेवा। dakshdarpan2024@gmail.com
चण्ढीगढ
भारतीय जनता पार्टी की हरियाणा इकाई के नए प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली प्रदेश इकाई का पुनर्गठन करेंगे या यही कार्यकारिणी काम करती रहेगी इस बारे में संशय बना हुआ था लेकिन पार्टी ने बीच का रास्ता निकालते हुए 5 जिला अध्यक्षों को बदल दिया है। बदले गए जिला अध्यक्षों में कैथल के जिला अध्यक्ष अशोक गुर्जर को छोड़कर शेष सबको प्रदेश कार्यकारिणी में समायोजित भी कर दिया है। पार्टी ने कुछ जिलों के प्रभारी भी नियुक्त किए हैं। पार्टी ने जिला जींद भाजपा के अध्यक्ष राजू मोर के स्थान पर तेजेंद्र ढुल को जिला हिसार में आशा खेदड़ की जगह अशोक सैनी ,कुरुक्षेत्र में रवि बतान की जगह सुशील राणा ,कैथल में अशोक गुर्जर की जगह मनीष कठवाड़ जिला सिरसा में श्रीमती निताशा सिहाग की जगह शीशपाल कंबोज तथा रेवाड़ी में प्रीतम चौहान की जगह वंदना पोपली को जिला अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गए हैं । पार्टी ने रामचंद्र जांगडा सांसद को भिवानी जिले का प्रभारी ,अमरपाल राणा को कैथल, शंकर धूपड को महेंद्रगढ़, प्रोफेसर मदन गोयल को जिला जींद का प्रभारी नियुक्त किया है। जिला रेवाड़ी में अध्यक्ष बदलकर यह संदेश जरूर दिया है कि पार्टी काम करने वाले लोगों को आगे लाना चाहती है। इससे यह संदेश भी गया है कि लोकसभा के चुनाव के दौरान इन जिला अध्यक्षों की कार्य शैली पर कहीं न कहीं सवाल खड़े हो रहे थे ।

श्रीमती वंदना पोपली रेवाड़ी में भाजपा जिला अध्यक्ष की नई भूमिका में।
पार्टी नेतृत्व ने दो महिला जिला अध्यक्षों को बदला है वहीं उनकी जगह एक नई महिला जिला अध्यक्ष बनाई है। रेवाड़ी जिले की नव नियुक्त जिला अध्यक्ष श्रीमती पोपली ने इस नई जिम्मेदारी के लिए प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली मुख्यमंत्री नायब सैनी सांसद और केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह सहित पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं का धन्यवाद करते हुए अपनी जिम्मेदारी समर्पण भाव से निभाने की बात कही है। दक्ष दर्पण से चर्चा में उन्होंने दावा किया कि हरियाणा में विधानसभा के चुनाव में भी भारतीय जनता पार्टी हैट्रिक जमाने जा रही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में संगठन और सरकार में शानदार तालमेल देखने को मिल रहा है। मुख्यमंत्री नायब सैनी और प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली की जोड़ी बहुत शानदार परफॉर्मेंस देने वाली है।
