
दक्ष दर्पण समाचार सेवा
अम्बाला,
: हरियाणा सूचना आयोग के पूर्व आयुक्त एवं कांग्रेस नेता अशोक मैहता ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के पिछले 10 वर्ष के शासनकाल में वैसे तो पूरे हरियाणा के विकास पर ब्रेक लगा, लेकिन नारायणगढ़-शहजादपुर क्षेत्र की तो खास तौर पर अनदेखी की गई। वर्तमान मुख्यमंत्री का गृह क्षेत्र होने के बावजूद चाहे नारायणगढ़ को जिला बनाने का मामला हो या केंद्रीय बजट में भी नारायणगढ़ वासियों की रेलवे लाइन की चिरलंबित मांग हो, भाजपा द्वारा हर महत्वपूर्ण मुद्दे को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया।
कांग्रेस के हरियाणा मांगे हिसाब अभियान के तहत शहजादपुर में लोगों से मुलाकात के दौरान अशोक मैहता ने कहा कि आज नॉन स्टॉप हरियाणा का नारा देने वाली भाजपा सरकार ने वास्तव में हरियाणा के विकास पर फुल स्टॉप लगा दिया है, लेकिन आगामी विधानसभा चुनाव के बाद पूर्व मुख्यमंत्री एवं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में गठित होने वाली कांग्रेस सरकार वर्तमान सरकार द्वारा हरियाणा के विकास की राह में बिछाई गई तमाम अड़चनों को दूर करके न केवल हरियाणा को विकास की राह पर अग्रसर करेगी, बल्कि भाजपा सरकार द्वारा पैदा की गई मुश्किलों से लोगों को निजात भी दिलाएगी।
अशोक मैहता ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में अम्बाला जिले में कोई भी नया शिक्षण व स्वास्थ्य संस्थान स्थापित हुई हुआ और कांग्रेस कार्यकाल के दौरान बने संस्थानों की भी खस्ता हालत कर दी गई है। इसी तरह कांग्रेस की हुड्डा सरकार द्वारा शुरू की गई गरीब, एस.सी. और ओ.बी.सी. परिवारों को सौ-सौ गज के मुफ्त प्लाट देने की कल्याणकारी योजना को भी भाजपा सरकार ने बंद कर दिया। क्रीमी लेयर की लिमिट को 8 से घटकर 6 लाख करके इस सरकार ने ओ.बी.सी. आरक्षण पर कुठाराघात किया।
