
दक्ष दर्पण समाचार सेवा।
चण्डीगढ़।
12 मार्च को मुख्यमंत्री बने नायब सिंह सैनी आरंभ में जहां डमी मुख्यमंत्री के रूप में देखे जा रहे थे, को लोग धीरे-धीरे पसंद करने लगे हैं। प्रदेश में लोग उन्हें शरीफ मुख्यमंत्री कहने लगे हैं। उनकी जनता से मिलने की, लोगों की बात सुनने और समाधान करने की कोशिश को जनता में रिस्पांस मिलता दिख रहा है लेकिन हरियाणा में भाजपा के कार्यकर्ताओं में फिर से विश्वास पैदा करना मुख्यमंत्री श्री सैनी और नए प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली के लिए अब भी चुनौती बने हुए हैं। लोग यह जानना चाहते हैं कि अगला विधानसभा चुनाव लोकसभा के चुनाव की तरह एक बार फिर पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल लड़ते नजर आएंगे या पार्टी इस काम को अपने हाथ में लेगी। कुछ लोगों का मानना है कि अब पार्टी हरियाणा में मनोहर लाल का एक सीमा से अधिक हस्तक्षेप नहीं
चाहती लेकिन करनाल लोकसभा क्षेत्र में उन्हें फ्री हैंड देने को तैयार है। पार्टी के लोग इस बात से अवगत है कि मनोहर लाल के हस्तक्षेप में चुनाव हुए तो भाजपा के पक्ष में अच्छे परिणाम नहीं आएंगे। 2 महीने बाद विधानसभा चुनाव की स्थिति में भी केंद्रीय बजट में हरियाणा के हाथ खाली रहना हरियाणा में भाजपा के लिए चिंता का विषय बन गया है। लोग मुख्यमंत्री नायक सैनी और प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली से इसका कारण जानना चाहेंगे।

भारतीय जनता पार्टी के नेता यह तो चाहते हैं कि हरियाणा में ऐसी स्थिति बने कि कांग्रेस के साथ केवल जाट मतदाता रह जाए और गैर जाट मतदाता भारतीय जनता पार्टी के समर्थन में आ खड़े हो। गैर जाट मतदाता मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के प्रति इसलिए सहानुभूति रखते नजर आ रहे है कि उन्हें शरीफ और मेहनती नेता के रूप में देखा जा रहा है ।लोग कहते हैं कि हरियाणा के दो पूर्व मुख्यमंत्रियों ओम प्रकाश चौटाला और भूपेंद्र हुड्डा ने चंडीगढ़ में लोगों से मिलने की आदत बना रखी थी जो निवृत्तमान मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कम कर दी। उनसे चंडीगढ़ कोठी में मिलना आसान काम नहीं था। वह अमूमन कार्यकर्ताओं को भी अपॉइंटमेंट लेकर मिलने की बात करते थे । यह अलग बात है कि बाद में उन्होंने जनसंवाद कार्यक्रम चलाकर लोगों से सीधे मिलने की कोशिश की परंतु कब तक बहुत देर हो चुकी थी ।
अब नए मुख्यमंत्री श्री सैनी इस मामले में अपने स्वाभाविक दृष्टिकोण के तहत चंडीगढ़ में अपने आवास में लोगों से खुले दिल से मिलते हैं उनकी बात सुनते हैं और समाधान करने की कोशिश करते हैं। मुख्यमंत्री सैनी को लोग शरीफ नेता मानकर चलने लगे हैं। यह भाजपा के लिए शुभ संकेत है। लेकिन अभी भी यह माना जा रहा है कि पार्टी ने अभी उन्हें फ्री हैंड नहीं दिया है उन्हें प्रशासन में आमूल चूल परिवर्तन करने की छूट नहीं है। मनोहर लाल के अलावा हाई कमान में उनका और कोई बड़ा वकील भी नहीं है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने उनकी पीठ थपथपाने की कोशिश जरूर की है लेकिन प्रशासनिक मामलों में अभी मनोहर लाल की ही चाल पूग देखी जा रही है। हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी को इस स्थिति में तीसरी बार सरकार बनानी है तो पार्टी के नेताओं को कई बड़े फैसले लेने होंगे अभी तो कार्यकर्ताओं की ही नाराजगी ही दूर नहीं हुई है। चुनाव में खुली अनुशासनहीनता और बगावत के बावजूद पार्टी जिम्मेदार लोगों को नोटिस तक नहीं दे पा रही है । चुनाव की घोषणा तक नहीं हुई है और भाजपा के नाम पर राजनीति करने वाले की लोगों ने अब से पहले अपने हलकों में चुनाव कार्यालय खोलकर एक तरह से पार्टी को ही चुनौती दे दी हैं।

